छत्तीसगढ़ सरकार

आदिवासी नृत्य महोत्सव : फिलिस्तीन और उज्बेक कला का होगा प्रदर्शन, 8 देशों के कलाकार बिखेरेंगे जलवा….*

Spread the love

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्युज

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज में 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक प्रस्तावित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भागीदारी के लिए 8 देशों ने अपनी सैद्धांतिक सहमति दी है। इसमें मध्य पूर्व के फिलिस्तीन और अफगानिस्तान के पड़ोसी उज्बेकिस्तान के लोक कलाकार भी अपनी पारंपरिक नृत्य शैली का प्रदर्शन करने वाले हैं। महोत्सव में भाग लेने वाले दूसरे देशों की यह संख्या बढ़ भी सकती है।

संस्कृति विभाग ने विभिन्न देशों के दूतावासों और उच्चायोगों के जरिए आदिवासी नृत्य महोत्सव का न्योता भेजा था। इनमें से नाइजीरिया, स्वाजीलैंड, युगांडा, माले, श्रीलंका, उज्बेकिस्तान, फिलिस्तीन और सीरिया ने महोत्सव में शामिल होने की सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इन देशों के लोक नर्तक अगले कुछ दिनों में रायपुर पहुंचने वाले हैं। विभाग ने इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

विभाग ने इन विदेशी नर्तक दलों के रहने, आने-जाने और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी बांटी है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डी. राहुल वेंकट को युगांडा, नाइजीरिया, और स्वाजीलैण्ड के कलाकारों और प्रतिनिधियों के लिए प्रभारी बनाया गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अभिजीत सिंह को माले, उज्बेकिस्तान और श्रीलंका के प्रतिभागियों का जिम्मा मिला है।

भारतीय प्रशासनिक सेवा की ही इफ्फत आरा को फिलिस्तीन और सीरिया के कलाकारों की व्यवस्था का जिम्मा मिला है। वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मनीष मिश्रा और शशांक पाण्डेय को नृत्य महोत्सव की जूरी के साथ समन्वय के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।