छत्तीसगढ़सामाजिक

भैंसाकन्हार (डु) मे जिला स्तरीय दो दिवसीय कोयापुनेम एवं संवैधानिक बहुउद्देशीय कार्यशाला का शुभारंभ

Spread the love

 जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्युज  कांकेर जिला के भानुप्रतापपुर ब्लॉक ग्राम भैंसाकन्हार (डु) में जिला स्तरीय दो दिवसीय कोयापुनेम एवं संवैधानिक बहुउद्देशीय कार्यशाला शनिवार यानि आज प्रारंभ हुई ।आदिवासी समाज को अपनी संस्कृति, धार्मिक आस्थाओं, रीति-रिवाजों, नियमावली आदि का परिचय कराते हुए आधुनिक युग में समाज की मुख्य धारा के समकक्ष खड़ा होने व उत्तरोत्तर विकास करने के लिए आवश्यक सभी जानकारियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित कार्यशाला में अलग-अलग फील्डो से जुड़े जानकार लोगों को इस कार्यशाला में अपने विचार रख कर आदिवासी समाज के युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
शनिवार को कार्यशाला का प्रारंभ आदि आसिवासी परम्परा अनुरूप विधिवत पूजा पाठ के द्वारा किया गया। सबसे पहले कार्यशाला स्थल में जिमिदारीन माता की स्थापना की गई, एवं आदिवासी परंपरा के अनुसार पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का प्रारंभ किया गया ।
 इसके पश्चात सेवा मूल संस्था वलेक्नार के द्वारा उपस्थित युवक-युवतियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रशिक्षित किया गया, साथ ही उन्हें अपने आदिवासी समाज के रीति-रिवाजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, तथा यह समझाया गया कि हमारे आदिवासी समाज की संस्कृति बेहद व्यापक एवं मजबूत है , हम लोग प्रकृति से जुड़े हुए लोग हैं। तथा प्रकृति का सम्मान करते हुए इसी से हमारे जुड़े हुए देवी देवता भी हैं
इसके बाद आमंत्रित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने समाज में मीडिया की भूमिका महत्व उपयोगिता व योगदान के विषय में उपस्थितों को विस्तार से जानकारी दी। पत्रकारों के द्वारा युवाओं को पत्रकारिता के क्षेत्र में आकर अपना कैरियर बनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया, तथा इससे जुड़ने के तरीकों व कोर्स की जानकारी दी गई।
 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भानूप्रतापपुर सुनाराम तेता ने अपने उद्बोधन में समाज को एकजुट होकर, अपनी संस्कृति से जुड़ कर विकास के पथ पर आगे बढ़ने की बात कही, साथ ही अपनी बोली भाषा को सीखने की भी अपील उन्होंने की। इसके अलावा विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित गोंडवाना समाज भानबेड़ा सर्किल के अध्यक्ष अशोक सर्फे, अध्यक्ष घोटुल खेल अकादमी शिवकुमार तुमरेटी, राम जी परचापि संरक्षक भानबेड़ा व विष्णु जुर्री ने भी सभा को संबोधित कर काफी जानकारियां उपस्थित युवक-युवतियों को दी।
 इस कार्यक्रम में सरपंच ग्राम पंचायत भैंसाकन्हार  ( डु) हिंसाराम भुरकुरिया, गायता दल्लू राम उइके, पूर्व सरपंच जयराम उइके आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा क्षेत्र के ग्रामीण एवं युवक युवतियां भी बड़ी संख्या में यहां मौजूद थे। इस कार्यक्रम के संचालक गोंडवाना समाज भानबेड़ा सर्कल के उपाध्यक्ष समरथ दर्रो है।
 दूसरे हाफ में गोंडवाना समाज के जिलाध्यक्ष मानक दरपट्टी एवं कर्मचारी प्रकोष्ठ के कोमरे ने कार्यक्रम में शिरकत की तथा अपने अनुभवों को साझा करते हुए आदिवासी समाज को आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम स्थल को आदिवासी समाज के तरीकों से फूल पौधों व छींद के पत्तों से बनाया व सजाया गया था, वहीं युवक युवतियों के द्वारा आदिवासियों के पारम्परिक नृत्य की भी प्रस्तुति कार्यक्रम के दौरान की गई।
कार्यशाला के अंतिम दिन रविवार को कई पुलिस व प्रशासनिक आला अधिकारियों के आगमन होगा और उनके द्वारा समाज को विभिन्न विषयों की जानकारी दी जाएगी।