छत्तीसगढ़सामाजिक

विश्व आदिवासी दिवस बिलासपुर में प्रथम आदिवासी मुख्यमंत्री स्व.राजा नरेशचंद्र की स्मृति के साथ कई महान विभूतियों का होगा सम्मान

Spread the love

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्युज
गोंडवाना गोंड महासभा द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की अतिथियों की उपस्थिति में बिलासपुर में आयोजित विश्व आदिवासी दिवस 9 अगस्त को सभी वर्गों से देश के विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त विभूतियों का सम्मान किया जावेगा। जिसमें प्रमुख भारत के संविधान निर्माण में ड्राफ्ट कमेटी के सदस्य रहे स्वर्गीय श्री भानुप्रताप सिंह ठाकुर महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री एवं कोमाखान के राजा की स्मृति में उनकी भतीजी बस्तर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति श्रीमती जयलक्ष्मी ठाकुर एवं सुपुत्र डॉ.आर.पी.सिंह को सम्मानित किया जावेगा,विश्व में समाज का नाम गौरव से ऊंचा करने वाले संगीत सम्राट चक्रधर सिंह पोर्ते की स्मृति में रायगढ़ छत्तीसगढ़ से उनके पोते राजा श्री देवेंद्र प्रताप सिंह को सम्मान किया जावेगा,संविधान निर्माण समिति के सदस्य पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री रामप्रसाद पोटाई की स्मृति में उनके पोते को सम्मानित किया जाएगा। सारंगढ़ के राजा अविभाजित मध्यप्रदेश के प्रथम आदिवासी मुख्यमंत्री राजा स्वर्गीय श्री नरेशचंद्र की स्मृति में उनकी बड़ी सुपुत्री श्रीमती कमला देवी मालखरौदा राज को सम्मानित किया जाएगा। फिल्म निर्माता और अभिनेत्री रजनी बसुमैत्री बोडो जनजाति असम को उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जावेगा। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत का नेतृत्व करते हुए वीर योद्धा पायलट के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले विभूति के परिजन का सम्मान किया जाएगा। स्वर्गीय भंवर सिंह पोर्ते की स्मृति में उनके परिवार के सदस्यों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी हेतु बिलासपुर में गोंडवाना गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री नीलकंठ टेकाम संचालक कोष एवं लेखा छत्तीसगढ़ शासन की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। बैठक में अतिथियों का चयन, स्थल चयन, भोजन व्यवस्था, रैली का संचालन, विभिन्न राज्यों से आ रहे अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था आदि विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुआ। इस अवसर पर श्री टेकाम जी ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ एवं देश के लिए गौरव का क्षण है कि आज हम अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन बिलासपुर में करने जा रहे हैं जिसमें भारत देश ही नहीं अपितु भारत के बाहर अन्य देश के अतिथि हमारे कार्यक्रम में सम्मिलित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सब आपसी मतभेद भूल कर इस विराट आयोजन को सफल बनाने में तन–मन– धन से जुड़ जाएं। राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त विभूतियों के सम्मान हेतु राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री खामसिंह मांझी उड़ीसा, राष्ट्रीय महासचिव श्री लोकेंद्र सिंह छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय सचिव दिवाकर पेंदाम को स–सम्मान आमंत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उड़ीसा के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र नायक जी को विदेश से आने वाले अतिथियों के साथ व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष व महासभा के महासचिव आर एन ध्रुव द्वारा आदिवासी समाज के सभी 42 जनजाति के सामाजिक जन से विश्व आदिवासी पर्व को सौहार्द पूर्वक मनाते हुए केवल आदिवासी ही नहीं बल्कि सभी मूल निवासियों को सम्मिलित करते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ के उद्देश्यों को जन–जन तक पहुंचाने का आह्वान किये हैं।