रायपुरराष्ट्रीय

कठिन दौर में ईंधन उत्पादन करने पर सहकर्मियों के सम्‍मान में कोयला योद्धा ने गीत-संगीत का वीडियो पेश किया

Spread the love

नई दिल्ली, 3 मई (पीटीआई) जिस वक्‍त मेडिकल स्टाफ और कोविड-19 के अन्य योद्धाओं के सम्मान में देश घंटियां, शंख, और तालियां बजा रहा था, उसी दौरान मध्यम आयु वर्ग के एक खनिक ने अपने बहादुर सहकर्मियों का भी सम्‍मान जताने का निर्णय लिया।
कोल इंडिया की शाखा – एसईसीएल के ओवरमैन नितिन गुप्ता ने एक गीत ‘हमसे सारा जग चलता’ लिखा और गाया, तथा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।
अपने खाली समय में गाने और संगीत रचना करने वाले, गुप्‍ता ने बताया कि वह अपने जैसे कोयला खनिकों की भावना को उजागर करना चाहते थे जो इस कठिन समय में कोयला उत्पादन करने और देश के बिजली संयंत्रों को चालू रखने के लिए बेधड़क काम पर लगे हुए हैं।
“जब प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने वायरस के खिलाफ सबसे आगे रह कर लड़ने वाले डॉक्‍टरों जैसे योद्धाओं के सम्मान में नागरिकों से ताली बजाने की अपील की, तो मेरे दिमाग में एक विचार आया कि कोई भी कोयला योद्धाओं के बारे में बात नहीं कर रहा है और ऐसे समय में जब देश के अधिकांश नागरिक अपने घरों में हैं, ये कोयला योद्धा चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।”
गुप्ता ने फोन पर बताया कि “इसलिए मैंने फैसला किया कि मैं एक गीत लिखूंगा और इसे गाऊंगा ताकि आम लोग भी जान सकें कि कोयला खनिक भी डॉक्टरों और पुलिस कर्मियों जैसे अन्य योद्धाओं से कम नहीं है, जो इस कठिन दौर में अपने काम पर डटे हुए हैं।”
गुप्‍ता के साथ उनकी साढ़े चार साल की बेटी स्वर्णश्री ने भी वीडियो के अंत में खनिकों को धन्‍यवाद दिया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते ही, वह अपने शहर अम्‍बिकापुर, छत्तीसगढ़ में चर्चा का विषय बन गए।
उन्‍होंने कहा कि “यह सोशल मीडिया का युग है, और मेरा वीडियो व्हाट्सएप और फेसबुक के माध्यम से कई लोगों तक पहुंच गया है।”
उन्होंने बताया कि वीडियो को फेसबुक पर लगभग 85,000 लाइक्स मिले हैं।
हतोत्‍साहित बच्‍चे की तरह गुप्ता ने बताया कि “ट्विटर पर भी मैंने कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी को टैग करते हुए अपना वीडियो पोस्ट किया था। लेकिन दुर्भाग्य से, मंत्री महोदय ने कोई जवाब नहीं दिया है।”
हालांकि, गुप्ता ने कहा कि जब अदाणी एंटरप्राइजेज – नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड के सीईओ विनय प्रकाश गोयल ने उनके वीडियो को शेयर और ट्वीट किया, तो उन्‍हें बड़ी खुशी हुई”। श्री गोयल का ट्वीट इस तरह था कि ‘‘… पूरी कोयला बिरादरी के लिए यह एक हार्दिक क्षण है। अच्छा गाया, नितिन। खनिकों की भावना को धन्‍यवाद, जो बिजली उत्‍पादन जारी रखने हेतु संयत्रों को ईंधन उपलब्‍धता सुनिश्चित करने के लिए अपना काम जारी रखे हुए हैं।”
खानों में आठ घंटे की थका देने वाली शिफ्ट भी गुप्‍ता को अपने जुनून को पूरा करने से नहीं रोक पाई और वे अब तक लगभग 200 गाने लिख चुके हैं।
उत्‍साही गायक की संगीत यात्रा यहीं नहीं समाप्त होती, बल्‍कि उन्‍होंने एक और वीडियो तैयार कर लिया है जिसे लॉकडाउन के बाद जारी करने की उनकी योजना है।
इस गीत के माध्यम से, वह लोगों से कोरोनावायरस की वैश्‍विक महामारी के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील करेंगे।
वीडियो में गुप्ता लोगों से यह कहते नजर आएंगे कि ‘’कृपया नियमों की धज्जियां न उड़ाएं और खुद को पूरी तरह से मुक्‍त न समझें, क्योंकि अभी देश से वायरस का उन्मूलन नहीं हुआ है।’’

पीटीआई एसआईडी एसआईडी एबीएम एमआर एबीएम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *