गोण्डवाना भवन अम्बागढ़ चैंकी में किया गया शहीद वीर नारायण सिंह शहादत दिवस कार्यक्रम का आयोजन
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज़
संगठित एवं शिक्षित होकर समाज के हित
के लिए निरंतर संघर्ष करने की गई अपील
राजनांदगाॅव 25 दिसम्बर 2023
आदिवासी समाज के द्वारा गत दिनों गोण्डवाना भवन अम्बागढ़ चैंकी में प्रदेश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री रामाधीन कुंजाम उपस्थित थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गोण्डवाना समाज के संभागीय अध्यक्ष श्री नरेन्द्र नेताम, अधिकारी, कर्मचारी प्रकोष्ठ के संभागीय अध्यक्ष श्री चन्द्रेश ठाकुर, गोड़ समाज के तहसील अध्यक्ष श्री संतकुमार नेताम, ब्लाॅक अध्यक्ष श्री दरोगा राम नेताम, श्री बिहारीलाल मरकाम, अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक संघ के जिला अध्यक्ष श्री अरविंद गोटे, श्री पवन तुलावी, श्री रमेश आचला, श्री तोमेश आचला, श्री रामसिंग ठाकुर श्री चींताराम सलामे सहित अन्य सामाज प्रमुखगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में समाज प्रमुखों ने सभी स्वजातिय जनों से शिक्षित एवं संगठित होकर समाज के हित में निरंतर संघर्ष करने तथा समाज के जागरूक लोगों को समाज के उत्थान में अपनी बहूमूल्य भूमिका निभाने की अपील की।
मुख्य अतिथि श्री रामाधीन कुंजाम ने शहीद वीर नारायण सिंह को सादर नमन करते हुए समाज के लोगों को उनके आदर्शों को आत्मसात करने को कहा। गोण्डवाना समाज के संभागीय अध्यक्ष श्री नरेन्द्र नेताम ने शहीद वीर नारायण सिंह जी के त्याग और बलिदान को अतुलनीय बताते हुए आदिवासी समाज के लोगों को उससे प्रेरणा लेकर समाज के हित में अपना बहुमूल्य योगदान देने को कहा। इस अवसर पर अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के संभागीय अध्यक्ष श्री चन्द्रेश ठाकुर ने शहीद वीर नारायण सिंह जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए, उन्हें आदिवासी समाज सहित पूरे भारतवर्ष को गौरव बताया। श्री ठाकुर ने समाज के विकास के लिए शिक्षा और संगठन को ब्रम्हास्त्र बताते हुए समाज के लोगों को संगठित रहने तथा आने वाली पीढ़ि को उच्च शिक्षित बनाने हेतु प्रण लेने को कहा। उन्होंने मद्यपान को समाज के लिए सबसे बड़ा शत्रु बताते हुए समाज के लोगों को इससे दूर रखने हेतु कठोर निर्णय लेने की अपील भी की। तहसील अध्यक्ष श्री संतकुमार नेताम ने समाज के लोगों को शहीद वीर नारायण सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के जागरूक वर्ग के लोगों को समाज के उत्थान हेतु निरंतर कार्य करने को कहा। अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक संघ के जिला अध्यक्ष श्री अरविंद गोटे ने समाज के लोगों को अपने हितों और अधिकारों के लिए हर समय सजग रहकर कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम को श्री बिहारीलाल मरकार, श्री पवन तुलावी, श्री तोमन आचला सहित अन्य समाज प्रमुखों ने भी संबोधित किया।

