उड़ गई अफवाह नमक की सप्लाई हो गई बंद,कीमत भी बढ़ा दी

FacebookTwitterWhatsAppEmail15 Views 11-05-2020
00 प्रशासन ने कुछ दुकानों के खिलाफ की कार्रवाई,बताया नमक की कहीं नहीं है कोई कमी
धमतरी-राजनांदगांव। लॉकडाउन के दौरान धमतरी व राजनांदगांव जिलें में कई जगहों पर यह अफवाह उड़ गई है कि नमक की सप्लाई बंद हो गई,लोग भी झांसे में आ गए और चिल्हर विक्रेताओं से अधिक कीमत पर खरीदना शुरू कर दिया। लोग सिर्फ सुनी सुनाई बातों पर भरोसा कर खरीदी कर रहे थे। संयोगवश कुछ अधिक ढील के साथ आज ही बाजार खुला था। प्रशासन तक जैसे ही बात पहुंची तत्काल में एक्शन लिया गया और कुछ दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना ठोका गया। साथ ही चेतावनी दी गई है कि प्रदेश में कहीं भी नमक की कमी नहीं है यदि कोई दोषी पाया गया तो सख्त कार्रवाई होगी,प्रशासन ने लोगों से भी सावधान रहने की अपील की है।
कोविड-19 कोरोना वायरस के संभावित संक्रमण की रोकथाम के लिए धमतरी कलेक्टर रजत बंसल के निर्देशानुसार गठित संयुक्त जांच दल के द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगातार दबिश देकर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर आवश्यक वस्तुओं का विक्रय करने वाले व्यवसायियों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धमतरी की कतिपय दुकानों में नमक की कमी होने तथा अधिक मूल्य में बेचे जाने की शिकायत प्राप्त हुई। खाद्य विभाग, नापतौल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा नगर निगम के संयुक्त जांच दल द्वारा उक्त शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नगर के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान सिहावा रोड पर स्थित मेसर्स गजानन किराना स्टोर्स तथा आदेश किराना स्टोर्स में दबिश दी गई, जहां पर आवश्यक वस्तु में शामिल नमक को अधिकतम निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचा जाना पाया गया। उक्त दोनों दुकानों के संचालकों के विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर उनसे 3-3 हजार रूपए का जुर्माना वसूल किया गया। खाद्य अधिकारी ने बताया कि नमक की कमी के संबंध में उड़ाई गई अफवाह पर बताया गया कि नगरपालिक निगम क्षेत्रांतर्गत नमक की कोई कमी नहीं है तथा व्यापारियों के पास इसका पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मांग के अनुरूप जिले में नमक की आपूर्ति सामान्य है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी व्यापारियों को नमक के साथ-साथ अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने एवं निर्धारित मूल्य पर ही विक्रय करने के निर्देश दिए गए हैं।

