आदिशक्ति मां अंगारमोती ट्रस्ट ने क्वांर नवरात्र की तैयारियां की शुरू
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
धमतरी। आदिशक्ति मां अंगारमोती ट्रस्ट द्वारा क्वार नवरात्र पर्व की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। नवरात्र का संचालन ट्रस्ट के नवनियुक्त 27 न्यासी सदस्यों द्वारा बनाई समिति के माध्यम से होगा । रविवार दोपहर 1 बजे स्व. माधव सिंह ध्रुव सभागार में ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई,जिसमें पदाधिकारियों और सदस्यों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नवरात्र पर्व के सुचारू संचालन के लिए कुल 17 समितियां गठित की गई हैं। इनमें प्रशासनिक एवं स्वागत समिति, क्रय समिति, देव समिति, ज्योति कक्ष समिति, भोजन व्यवस्था समिति, टेंट-लाइट समिति, रसीद समिति, सेवा समिति, कैश रजिस्टर, भंडार व्यवस्था,पेयजल एवं स्वच्छता समिति, श्रृंगार सामग्री समिति, पुजारी समिति, नवकन्या भोज समिति, मंच संचालन समिति, माता दरबार प्रवेश-निकासी समिति तथा सुरक्षा व पार्किंग एवं देखरेख समिति शामिल है और प्रत्येक समिति में न्यूनतम 5- सदस्य बनाएं गए है।
*युवाओं को मिली अहम जिम्मेदारी*
ट्रस्ट ने इस बार युवा प्रभाग गोंड समाज के युवक-युवतियों को बड़ी जिम्मेदारियां दी हैं। 100 से अधिक युवा पारंपरिक वेशभूषा में माता दरबार, ज्योति कक्ष, सुरक्षा, भोजन व पार्किंग व्यवस्था आदि में सेवा देंगे।
*महिलाओं के लिए विशेष सुविधा*
ट्रस्ट द्वारा महिलाओं के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। यहां गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए आराम और ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी।
*नवरात्र स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम*
पुजारी ईश्वर नेताम ने जानकारी दी कि 22 सितम्बर की शाम को ज्योत प्रज्ज्वलन एवं स्थापना होगी। 26 सितम्बर को पंचमी पर माता का विशेष श्रृंगार होगा। वहीं 29 सितम्बर को शाम 4 बजे हवन पूजन का आयोजन किया जाएगा।
*विशाल भंडारे का आयोजन*
अष्टमी के दिन प्रशासनिक समिति के मार्गदर्शन और दानदाताओं के सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन होगा। देर शाम हवन-पूजन के बाद हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे, जो देर रात तक चलेगा।
*नवाचार से बढ़ी विश्वसनीयता*
ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मरई ने कहा कि मां अंगारमोती ट्रस्ट हमेशा से श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को सर्वोपरि मानकर कार्य करता आ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में हमने देखा है कि माता दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए हमारे द्वारा हर साल नई-नई व्यवस्थाएं और नवाचार किए जा रहे हैं। इस बार भी ट्रस्ट ने प्रयास किया है कि कोई भी श्रद्धालु असुविधा महसूस न करे। महिलाएं, बुजुर्ग, विकलांग एवं छोटे बच्चों सहित हर वर्ग की आवश्यकताओं का विशेष ख्याल रखा गया है। हमने स्तनपान कराने वाली माताओं और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की है। दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर, साफ-सुथरे शौचालय, पर्याप्त पेयजल, प्रतीक्षालय और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन-नाश्ते की व्यवस्था की जाएगी। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि ज्योत जलाने वाले श्रद्धालुओं को हम डाक से आमंत्रण पत्र व प्रसाद भेजकर उनसे जुड़ाव बनाए रखते हैं। इस परंपरा ने श्रद्धालुओं के बीच ट्रस्ट की विश्वसनीयता और आस्था को और मजबूत किया है। हम चाहते हैं कि माता दरबार में आने वाला हर भक्त यह महसूस करे कि यह उसका अपना घर है और मां अंगारमोती की कृपा सब पर बनी रहे।
इस बैठक में आदिवासी ध्रुव गोंड समाज के जिलाध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर, कोमल सिंह, हेमलाल ठाकुर, शिवचरण नेताम, नंदा ध्रुव, ओंकार सिंह नेताम, ढालू राम ध्रुव, गणेश्वर ध्रुव, उदय नेताम,डॉ.ए.आर.ठाकुर,राधेश्याम नेताम,देवानंद नेताम,गीता नेताम, ठाकुर राम नेताम,अनिता ध्रुव, नारायण सिंह ध्रुव, नरोत्तम सिंह उईके,आनंद राम नेताम,मनराखन ठाकुर, भगत उईके,शत्रुघन लाल नेताम,तुकाराम मरकाम, शशि ध्रुव, जयपाल सिंह ध्रुव,हुलार सिंह कोर्राम,अर्जुन कोर्राम,मानसिंह मरकाम,रामेश्वर मरकाम,तिजेन्द्र कुंजाम,हेमंत ध्रुव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

