ग्रामवासी सामाजिक सद्भावना, सहयोग एवं आपसी भाईचारे को बनाए रखे: श्री चंद्रेश ठाकुर
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
दीपावली के अवसर पर ग्राम मुरेर में आयोजित किया गया छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
राजनांदगांव, 24 अक्टूबर 2025
गोण्डवाना समाज अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के संभागीय संरक्षक श्री चंद्रेश ठाकुर ने कहा कि परस्पर सद्भावना, सहयोग एवं आपसी भाईचारा हमारे देश, समाज एवं ग्रामीण संस्कृति एवं परिवेश का अक्षय विरासत एवं अमूल्य निधि है। उन्होंने सभी ग्रामीणजनों को इस गौरवशाली विरासत एवं महान परंपरा को अक्ष्क्षुण बनाए रखने की अपील की। श्री ठाकुर दीपावली के अवसर पर अपने गृह ग्राम मुरेर में आयोजित छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम के अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पटेल श्री थानूराम नुरूटी ने किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शिक्षक श्री गणपत दास साहू, श्री लतखोर निरूटी, श्री किसन परतेती, श्री रेशम नुरेसिया, श्री राजूराम गोटा, श्री हेमलाल नेताम, श्री गौतर कमरो एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चंद्रेश ठाकुर ने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि गांव में विभिन्न पर्वों एवं उत्सवों के अवसर पर ग्राम के नवयुवकों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा हमारे नवयुवकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक संबलता, गरीबी उन्मूलन, नशा मुक्ति अभियान, जरूरत मंदो का सहयोग जैसे रचनात्मक कार्यों में भी अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। श्री ठाकुर ने समाज व राष्ट्र के विकास के लिए शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए आने वाले पीढ़ी को उच्च शिक्षित बनाने के लिए प्रण भी लेने को कहा। इसके अलावा उन्होंने नशापान को परिवार, समाज एवं राष्ट्र के सर्वनाश का कारण बताते हुए सभी लोगों को नशापान से सर्वथा दूर रहने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने ग्राम वासियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनने के लिए व्यापार, व्यवसाय में भागीदारी सुनिश्चित करने तथा गांव के मेधावी बच्चों, बीमार एवं जरूरतमंद लोगों के मदद हेतु कोष स्थापना कर हर संभव मदद उपलब्ध कराने के पुनीत कार्य में आगे आने को कहा। इस अवसर पर शिक्षक श्री गणपत साहू, ग्राम पटेल श्री थानूराम पटेल, श्री लतखोर नुरूटी एवं शिक्षक किसन लाल ने भी युवाओं को उनके नैतिक जिम्मेदारी के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोक कला मंच के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।

