डीजल लोको शेड रायपुर रेल मंडल द्वारा आत्मनिर्भरता की ओर एक प्रायोगिक प्रयास

रायपुर- 16 मई 2020, पीआर/आर /78
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु कार्यालयों वर्कशॉप, रेलवे यूनिटों, में कार्यरत कर्मचारियो द्वारा हैंड सैनिटाइजर, मास्क सोशल डिस्टेंसिंग की अनुपालना करते हुए रेल परिचालन से संबंधित गतिविधियां संपादित की जा रही है । रायपुर रेल मंडल कार्यालय में बिना हाथ टच किए हैंड वाशिंग सिस्टम लगाया गया है ।
इसी कड़ी में रायपुर रेल मंडल के डीजल लोको शेड में कार्यरत श्री वीके त्रिपाठी सीनियर सेक्शन इंजीनियर, श्री आर रवि कुमार सीनियर सेक्शन इंजीनियर, एलसी गेदाम एमसीएम ने आत्मनिर्भरता की ओर एक प्रायोगिक प्रयास करते हुए बहुत ही कम लागत में निर्मित बिना हाथ टच किए सैनिटाइजर उपकरण बनाया है। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर डीजल लोको शेड श्री डी. सतपथी ने बताया कि इसकी लागत लगभग ₹2500 है । जबकि मार्केट में प्रचलित तथा शासकीय अनुमोदित सामग्री बिक्री पोर्टल “जेम” पर ऑटोमेटिक हैंड सैनिटाइजर डिस्पेंसर मशीन लगभग 09 से 13हजार की लागत के हैं। यह ऑटो मेटिक हैंड सेनिटाइजिंग डिस्पेंसर मशीन फोटो डायोड सेंसर के सिद्धांत पर कार्य करती है जिसमें जब कोई ऑब्जेक्ट डायोड की रेंज में आता है तो डायोड से लगा परिपथ स्विच ऑन हो जाता है तथा परिपथ में लगा सबमर्सिबल पंप ऑपरेट होकर टैंक में रखे सेनिटाइजर को पाईप तथा नोजल के द्वारा ऑब्जेक्ट पर स्प्रे कर देता है, इसी प्रकार ऑब्जेक्ट के सेंसर की रेंज से हटते ही सेंसर परिपथ स्विच ऑफ हो जाता है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री श्याम सुंदर गुप्ता में डीजल शेड के सेक्शन इंजीनियरों द्वारा किए गए प्रयास की सराहना की ।
