छत्तीसगढ़व्यापार

बाल दिवस पर 121 बच्चों को स्कूल बैग और ज्योमेट्री सामग्री वितरित की गई*

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज 

*तिल्दा-नेवरा, रायपुर, 16 नवम्बर, 2026:* बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन की ओर से बाल दिवस पर अदाणी पावर प्लांट, रायखेड़ा परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आसपास के गाँवों के 121 बच्चों और 101 अभिभावकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के नवोदय कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग और ज्योमेट्री सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अदाणी पावर प्लांट के प्रोजेक्ट हेड श्री अशोक सिंह यादव उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में एचआर हेड श्री नागेश्वर राव, एचआर विभाग के श्री देबासिस दास और अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर हेड श्रीमती प्रीति प्रजापति शामिल हुईं। इसके अलावा अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर टीम, शिक्षा विभाग की टीम, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत संबोधन से हुई। इस अवसर पर भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी गई और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह व शिक्षा से जुड़े विचारों को याद किया गया। अतिथियों ने कहा कि बच्चों का समुचित विकास ही देश की प्रगति का आधार है और शिक्षा उनके सपनों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाती है।

मुख्य अतिथि श्री अशोक सिंह यादव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही आगे चलकर वैज्ञानिक, शिक्षक, इंजीनियर, प्रशासक और देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई, अनुशासन, समय का सही उपयोग और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का जरिया भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य तय कर मेहनत और दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

श्रीमती प्रीति प्रजापति ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन शिक्षा को सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार मानता है। फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को अच्छे अवसर देने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि नवोदय कोचिंग सेंटर के माध्यम से बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन दिया जा रहा है, ताकि वे अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक लक्ष्य हासिल कर सकें।

श्री नागेश्वर राव ने बच्चों को लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत, समर्पण और लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। वहीं, श्री देबासिस दास ने आधुनिक और तकनीकी शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को डिजिटल युग में आने वाली चुनौतियों और उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी, रचनात्मक गतिविधियों और प्रेरणादायक संवाद सत्रों का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने इनमें उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा दर्शाई। अभिभावकों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को उत्कृष्ट शैक्षणिक सामग्री और सही मार्गदर्शन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे उन्हें पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने और भविष्य के लिए तैयारी करने में मदद मिलती है। उन्होंने नवोदय कोचिंग सेंटर और फाउंडेशन की अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को भी बच्चों के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को स्कूल बैग और ज्योमेट्री सामग्री दी गई। बच्चों ने खुशी जताते हुए अदाणी फाउंडेशन और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत करने का संकल्प भी लिया। समापन पर अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने सपने पूरे करने और समाज व देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

अदाणी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में काम कर रहा है। शिक्षा से जुड़े इसके कार्यक्रमों के तहत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास के अवसर दिए जा रहे हैं। फाउंडेशन ने भविष्य में भी शिक्षा और बाल विकास से जुड़े ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।