अदाणी फाउंडेशन के प्रोजेक्ट ‘संकल्प’ से मिली 10वीं, 12वीं के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट सफलता

छत्तीसगढ़: पिछले दिनों जारी हुए राज्य के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में, अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित, प्रोजेक्ट “संकल्प” के विद्यार्थियों ने एक बार फिर बेमिसाल रिजल्ट दिया है। सत्र 2019-20 में प्रोजेक्ट संकल्प के माध्यम से शा. उ. माध्यमिक विद्यालय, ग्राम तारा के कुल 78 विद्यार्थियों को निः शुल्क कोचिंग प्रदान की गयी थी। जिसके परिणामस्वरूप 10वीं के 96 फीसदी तथा 12वीं विज्ञान शाखा के शत प्रतिशत बच्चों ने सफलता हासिल की है। गौरतलब है कि अदाणी इंटरप्राइजेज लिमिटेड के अंतर्गत चलाई जा रही विभिन्न सीएसआर गतिविधियों के तहत ग्रामीण शिक्षा विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा परिणामों में कक्षा 10 के अवधेश कुमार यादव, पिता- बाल किशन यादव, ग्राम घाटबर्रा, ने विगत वर्ष का रिकॉर्ड (83%) तोड़ते हुए 85% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं कक्षा 12वीं के आदित्य कुमार, पिता- अर्जुन लाल, ग्राम तारा ने 71% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रौशन किया। विद्यार्थियों ने बताया कि उनकी इस सफलता के पीछे उनके शिक्षक व प्रोजेक्ट “संकल्प” का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होने कहा कि, प्रोजेक्ट संकल्प ने उन्हें विद्यालय शिक्षा के अतिरिक्त विषयवार शिक्षा प्रदान कर, गुणवत्ता बढ़ाने में मदद की है। इसके अंतर्गत गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, जीव विज्ञान, भौतिकी और रसायन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। विद्यार्थियों ने अपनी इस आशातीत सफलता के लिए शिक्षकों, माता-पिता, अदाणी इंटरप्राइजेज लिमिटेड तथा अदाणी फाउंडेशन का विशेष धन्यवाद किया है।
बता दें कि ग्रामीण इलाकों में प्रोजेक्ट संकल्प का संचालन विगत तीन वर्षों से किया जा रहा है। जिसके तहत खासकर 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को मुफ्त कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है। जबकि भविष्य में प्रोजेक्ट संकल्प का लक्ष्य, इंजीनियरिंग व मेडिकल के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी कर रहे बच्चों को उपयुक्त सहायता प्रदान करना है, ताकि ग्रामीण इलाकों में उच्चतर शिक्षा के प्रति बच्चों को प्रोत्साहित किया जा सके।
