छत्तीसगढ़ में निगम-मंडल के अध्यक्ष के नामों को लेकर भूपेश ने किया मंथन
By Jiwrakhan lal Ushare cggrameen nëws -July 2, 2020

मंत्रियों और पार्टी के पदाधिकारियों के साथ की मैराथन बैठक, सुझाये गये नामों को हाईकमान को भेजे जाने पर बनी सहमति
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो दिन से बढ़ी सियासी हलचल के बीच गुरुवार 2 जुलाई 2020 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंत्रियों के साथ मैराथन बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य में निगम और मंडल के अध्यक्ष पद के लिए सुझाये गये नामों पर चर्चा की गयी।
ैबैठक में इस बात पर सहमति बनी कि सुझाये गये नामों का पैनल बनाकर हाईकमान यानि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पास भेजा जाएगा। हाईकमान जिसके नाम को फाइनल करेगा उसे निगम और मंडल का अध्यक्ष बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्रियों समेत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा और धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे। इस दौरान दावेदारों के नामों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के अध्यक्ष से भी चर्चा की।
बैठक के बाद कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने बताया कि निगम-मंडल,आयोग की नियुक्तियों पर चर्चा हुई। दावेदारों के नामों पर विस्तार से चर्चा हुई है, नाम फाइनल हो गया है, हाइकमान को भेजा जाएगा
संसदीय सचिव नियुक्ति पर भी चर्चा हुई है। कांग्रेस संगठन विस्तार को लेकर चर्चा हुई है। घोषणापत्र में बाकी वादों को पूरा करने पर चर्चा हुई है। नियुक्तियों में महिलाओं को खास तवज्जो मिलेगी।
इसके पहले आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि निगम-मंडल में नियुक्ति जल्द होगी, बैठक में नाम फाइनल कर आलाकमान को भेजा जाएगा उसके बाद ही जिन नामों पर मुहर लगेगी उन्हे जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
