Uncategorized

रायपुर : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कृषि योजना रफ्तार की राज्य स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक संपन्न

Spread the love

    रायपुर, 03जुलाई 2020

 मुख्य सचिव श्री आर.पी. मंडल की अध्यक्षता मं आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की रफ्तार की राज्य स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2019-20 के अंतर्गत राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं उपयोजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अलावा इस वित्तीय वर्ष 2020-21 के तहत स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा अनुशंसित योजना के विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन भी शामिल हुए। 
    मुख्य सचिव श्री आर.पी.मंडल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि विभाग की योजनाओं के तहत ज्यादा से ज्यादा कृषि आधारित व्यवसायों को शामिल करे जिससे किसानों की आमदनी में वृद्धि हो। मुख्य सचिव ने कहा है कि दुग्ध उत्पादन, मछली और मुर्गीपालन की योजनाओं से सुपोषण अभियान को बल मिल सकता है। उन्होंने इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। 
    बैठक में कृषि विभाग की प्रमुख सचिव एवं कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम.गीता ने बताया कि कृषि विभाग ने राष्ट्रीय कृषि विकास कार्यक्रम के तहत कृषि, राज्य बीमा निगम, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, मार्कफेड, अपेक्स बैंक, उद्यानिकी, डेयरी, कामधेनू विश्वविद्यालय और मत्स्यपालन सहित अन्य कृषि योजनाओं के लिए वर्ष 2020-21 के लिए 175 करोड़ रूपये से ज्यादा की बनायी है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि धान के अलावा अन्य फसलों को लेने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने फलोत्पादन और शकरकंद की खेती के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री गौरव द्विवेदी और कृषि, उद्यानिकी, मत्स्यपालन सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।