Monday, October 19, 2026
छत्तीसगढ़ सरकार

साहू समाज के युवा जागे, नशे के खिलाफ छेड़ी जंग

  जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्युज

प्रतिबंधित नशे के खिलाफ साहू समाज का अभियान बनेगा औरों के लिए मिसाल : हिरवानी


रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित नशे के खिलाफ साहू युवा प्रकोष्ठ ने राजधानी रायपुर से प्रदेशव्यापी जंग छेड़ दिया है। समाज के युवाओं ने नशामुक्ति अभियान की शुरुआत की। इस दौरान सभी युवाओं ने नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित प्रदेश साहू संघ कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष अर्जुन हिरवानी ने भक्त माता कर्मा की पूजा, अर्चना व आरती से की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन हिरवानी ने कहा कि भक्त माता कर्मा, साहू समाज की प्रेरणादायी व अधिष्ठात्री देवी है। बहुत से ऐसी योजना है जो समाज ने शुरू की है। छत्तीसगढ़ में इससे कुछ न कुछ बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि साहू समाज द्वारा शुरू किया जा रहा नशा मुक्ति अभियान पूरी तरह सफल होगा और अन्य समाजों के सामने एक मिसाल पेश करेगा।

समाज सुधार की दिशा में एक कदम

वहीं शहर के एडिशनल एसपी लखन पटले ने कहा कि नशामुक्ति के लिए व्हील पावर को मजबूत करना जरूरी है। नशा मुक्ति के लिए दिमाग को बदलने की ज़रूरत है, विचारधारा को बदलने की ज़रूरत है। सतत विकास के लिए हम सबको साथ मिलकर चलना होगा। वहीं सीएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि- नशा के आदत लगने से पूरा परिवार बिखर जाता है, आर्थिक और सामाजिक रूप से बिखर जाते हैं। साहू समाज का यह प्रयास सराहनीय है। आप सबके सहयोग से ही नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाया जा सकता है। कार्यकारी अध्यक्ष शांतनु साहू ने कहा कि साहू समाज हमेशा अपने उद्देश्योंऔर अभियानों के लिए जाना जाता है। प्रतिबंधित नशे के खिलाफ ये अभियान भी समाज सुधार की दिशा में एक नई शुरुआत है। हम सब इस अभियान को पूरा करने के लिए एक साथ आगे बढ़ेंगे।

सरगुजा से बस्तर तक पदयात्रा भी

साहू समाज के युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप साहू ने बताया कि आज इस अभियान की शुरुआत के साथ ही प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत हो गई है। इसके लिए सरगुजा से बस्तर तक अलग- अलग चरणों मे पदयात्रा भी की जाएगी। इसमें सभी स्वजातीय बंधु शामिल होंगे।