छत्तीसगढ़ सरकाररायपुर

राजस्व मंत्री आज करेंगे कोरबा में कोविड आईसोलेशन सेंटर का उद्घाटन

Spread the love

Jiwrakhan lal Ushare cggrameen nëws

कोरबा 12 मई 2021- अग्रसेन चेरिटेबल ट्रस्ट एवं सेवा भारतीय और कृष्णा ग्रुप सप्तदेव मंदिर के संयुक्त प्रयास से आईसोलेशन सेंटर की व्यवस्था पी.जी. काॅलेज परिसर स्थित छात्रावास में की गई है। इस आईसोलेशन सेंटर का उद्घाटन प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा आज सुबह 11.30 बजे किया जावेगा। इस आईसोलेशन सेंटर के संचालन के लिए राजस्व मंत्री का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है। इस कोविड आईसोलेशन सेंटर का संचालन शासन के नियमानुसार किया जाएगा जिसमें 50 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस आईसोलेशन सेंटर में निःशुल्क भोजन व्यवस्था के साथ आॅक्सीजन स्तर और मरीज के तापमान की सतत् निगरानी कराई जावेगी। इस सेंटर में शासन के निर्देशानुसार ऐसे संक्रमित व्यक्तियों के रहने की सुविधा होगी जो अकेले रहते हैं और उनके साथ उनकी देखभाल के लिए अन्य कोई सदस्य साथ में नहीं रहता हो। इसके अलावा ऐसे परिवार के मरीज जिनके घर में होम आईसोलेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है, ऐसे व्यक्तियों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी होगी।
राजस्व मंत्री के सद्प्रयासों से कोरबा में हुआ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल के सद्प्रयासों से विश्वव्यापी महामारी कोविड 19 की दूसरी लहर से कोरबा के नागरिकों को संक्रमण से बचाने और उन्हें बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। कोरबा जिले में उपलब्ध कराए गए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आने शुरू हो गए हैं। मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा कोरबा के आम नागरिकों को वर्तमान समय में कोरोना संक्रमण से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से स्याहीमुड़ी स्थित सीपेट में 885 बिस्तरों का कोविड अस्पताल बनाया गया है। इस अस्पताल में कोविड मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं के अलावा मरीजों के लिए आॅक्सीजन की आवश्यकताओं को देखते हुए 250 बिस्तरों के लिए पाईप लाईन के माध्यम से आॅक्सीजन आपूर्ति की सुविधा सुलभ कराई गई है।
कोरबा एक औद्योगिक नगरी होने के कारण यहां कोरोना संक्रमण का खतरा अधिक है। अतएव राजस्व मंत्री ने प्रशासन एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर बहुत पहले ही कोविड मरीजों की बेहतर देखभाल और उपचार के लिए ई.एस.आई.सी. अस्पताल में 140 बिस्तरों की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी सौपी थी और स्पष्ट निर्देश दिया था कि गंभीर प्रकृति के मरीजों के लिए समुचित उपचार की व्यवस्था इसमें की जाए जिसके तहत् वेंटीलेटर, आॅक्सीजन और एन.आई.वी की सुविधाएं इस अस्पताल में उपलब्ध कराई गई हंै। इसी प्रकार से कोविड और अन्य मरीजों के बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार करते हुए डायलिसिस, आई.सी.यू और माॅड्यूलर आॅपरेशन थिएटर के साथ ही बर्न यूनिट की सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
लगातार बढ़ रही कोविड मरीजों की संख्या को देखते हुए कोरबा स्थित श्री बालाजी ट्राॅमा सेंटर का अधिग्रहण किया गया और वेंटीलेटर एवं आॅक्सीजन के साथ ही बेहतर उपचार सुविधाएं बढ़ाई गई हैं जिसका लाभ मरीजों को मिल रहा है और वे स्वस्थ होकर वापस अपने घर जा रहे हैं। मरीजों के लिए आॅक्सीजन की आवश्यकताओं को पूरा करने की दृष्टि से कोरबा जिला अस्पताल में सेंट्रलाईज्ड आॅक्सीजन डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम का शुभारंभ किया गया है। इस सुविधा से प्रतिदिन 180 आॅक्सीजन गैस सिलेण्डर का उत्पादन हो सकेगा। इसी महीने की 7 तारीख को इस यूनिट का उद्घाटन राजस्व मंत्री द्वारा किया गया था।
अभी तक कोरबावासी कोविड जांच के लिए आर.टी.पी.सी.आर. की सुविधा से वंचित थे जिसकी वजह से सैम्पल कलेक्शन केन्द्रों से एकत्रित किए गए आर.टी.पी.सी.आर. सैम्पलों को रायगढ़ स्थित प्रयोगशाला भेजा जाता था। ऐसा होने से रिपोर्ट मिलने में विलम्ब होता था और संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में दूसरे व्यक्तियों के आने से कोरोना संक्रमण का प्रसार अपेक्षाकृत ज्यादा होने का खतरा बना रहता था। राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल के सद्प्रयासों से कोविड की जांच के लिए अब कोरबा में ही आर.टी.पी.सी.आर. जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है जिससे जांच का परिणाम अपेक्षाकृत शीघ्रता से मिल सकेगा और संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी। निश्चित ही स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में कोरबावासियों के लिए यह एक बहुत बड़ी सुविधा होगी और कोरबा में आर.टी.पी.सी.आर. जांच की सुविधा हो जाने से अब सैम्पल को रायगढ़ भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
राजस्व मंत्री की कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच का ही सद्परिणाम है कि वे प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल के नेतृत्व में वर्तमान समय में कोरबा में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार करवाने में सफल हो सके हैं और इस दिशा में उनका प्रयास निरंतर जारी है जिसका परिणाम है कि मरीजों को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अन्य प्रदेशों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं से यदि तुलना की जाए तो देखा जा सकता है कि कोरबा में कोविड मरीजों को भर्ती करने के लिए पर्याप्त संख्या में बिस्तरों की उपलब्धता के साथ ही राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जिले में समस्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
राजस्व मंत्री ने आम नागरिकों से अपेक्षा की है कि वे सभी शासन-प्रशासन के कोविड दिशा निर्देशों का पालन करते हुए कोरोना संक्रमण की रोकथाम में प्रदेश सरकार का सहयोग करें। मंत्री जयसिंह अग्रवाल का दृढ़ विश्वास है कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर बहुत ज्यादा घातक है और इसके प्रसार को रोकने अथवा इस पर अंकुश लगाने का काम केवल प्रशासन अकेले का ही नहीं है, इसके लिए आम नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी समझने की जरूरत है, कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए उन्हें जागरूक होने के साथ ही सजग रहने की आवश्यकता है। आम नागरिकों से श्री अग्रवाल का यही कहना है कि स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें।