डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कहा मुख्यमंत्री द्वारा भेंट मुलाकात के दौरान करे गए सभी घोषणाओं पर त्वरित करे अमल…

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्युज
बालोद : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तो भेंट मुलाकात कार्यक्रम में घोषणा करके चले गए, लोग यह मान कर भी चल रहें है, कि अब हमारा काम हो जाएगा, लेकिन अब अमल करने की बारी प्रशासन की है, और इसी को लेकर कलेक्टर गंभीर है, उनके जाने के दूसरे ही दिन कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जिले में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान किए गए सभी घोषणाओं पर त्वरित अमल करें। जिले में आमलोगों द्वारा मुख्यमंत्री से की गई मांगों व समस्याओं का भी समय पर निराकरण करें।डॉ. सिंह ने गुरूवार को जिला मुख्यालय स्थित कला केन्द्र में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान आम लोगों के माध्यम से प्राप्त सभी मॉगों, शिकायतों व समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ करें। कलेक्टर ने बैठक में विलंब से पहुँचने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
शहर में घूमने वाले पशुओं को गौठान में लेकर जाएं
कलेक्टर ने नगर पालिका बालोद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शहर की सड़कों में घूमने वाले पशुओं को गौठान में चारा-पानी की उपलब्धता के साथ रखने हेतु समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त एस.डी.एम. को निर्देशित किया कि कहीं भी अवैध प्लाटिंग की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए रोक लगाए। कलेक्टर ने जिले में औद्योगिक पार्क निर्माण हेतु स्थल चिह्नांकन के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी व वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण सतत रूप से जारी रहे। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी के बच्चों व गर्भवती महिलाओं को गरम भोजन प्रदाय की भी जानकारी ली।
कला केन्द्र का व्यवस्थित तरीके से संचालन करें
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने जिला मुख्यालय स्थित ‘‘कला केन्द्र‘‘ के बेहतर संचालन हेतु प्रशिक्षकों को टीम वर्क के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कला केन्द्र के व्यवस्थित तरीके से संचालन हेतु सभी संबंधितों से विस्तृत चर्चा की। बैठक में वन मण्डल अधिकारी आयुष जैन, एडीएम योगेन्द्र श्रीवास, एसडीएम बालोद शीतल बंसल, एसडीएम गुरूर गंगाधर वाहिले, एसडीएम डौण्डी लोहरा मनोज मरकाम, एसडीएम गुंडरदेही रश्मि वर्मा समेत अन्य अफसर मौजूद थे।
चिकित्सकों के निलंबन का प्रस्ताव तैयार करें
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिले में कहीं भी विद्युत संबंधी शिकायत मिलने पर उसका निराकरण कर, विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रखें। कलेक्टर ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी से कहा कि गुरूर और चिखलाकसा में जिन पशु चिकित्सकों की शिकायत प्राप्त हुई है, उनके निलंबन करने तत्काल प्रस्ताव तैयार करेें। डौण्डीलोहारा में अस्पताल भवन की गुणवत्ता जॉच करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारियों को दिए।
