आदर्श साहू समाज के लिए सनातन संस्कार और आधुनिक शिक्षा जरूरी, तभी हम सुंदर समाज का निर्माण कर सकेंगे : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
*उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने साहू समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया सम्मान, पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया*
*उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बलौदाबाजार में जिला साहू समाज के भवन का किया लोकार्पण*
बलौदाबाजार। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज जिला साहू समाज बलौदाबाजार के नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया। 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस भवन में समाज के सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। श्री साव ने कहा इस भव्य भवन के निर्माण में समाज का ने भी योगदान दिया है, इसके लिए जिला साहू समाज बधाई के पात्र है। उन्होंने इसे समाज की एकजुटता और संकल्प का प्रतीक बताया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोकार्पण के बाद आंबेडकर चौक स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने समाज के सभी लोगों से स्वच्छ वातावरण के लिए आगे आने का आव्हान किया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सामाजिक जनों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सुंदर भवन तभी सार्थक होगा जब उसमें सुंदर समाज का भी निर्माण हो। समाज की प्रतिष्ठा अच्छी शिक्षा, संस्कार, भाईचारा और प्रेम से ही स्थापित होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं में आज संस्कारों का क्षरण हो रहा है, ऐसे में बच्चों को विचारवान और चरित्रवान बनाना अत्यंत आवश्यक है।
श्री साव ने धर्म, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने पर बल दिया। समारोह में श्री साव ने मोबाइल एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के युग में यूट्यूब और मोबाइल जहां ज्ञान का साधन हैं, वहीं इनके दुष्परिणाम भी सामने आ रहे हैं। युवाओं को इसका विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए। कार्यक्रम को राजस्व एवं खेल मंत्री श्री टंकराम वर्मा एवं जिला साहू समाज अध्यक्ष श्री सुनील साहू ने भी संबोधित किया।
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अशोक जैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पवन कुमार साहू, समाज के संरक्षक श्री रेवा राम साहू, श्री जीतराम साहू, श्री दीनदयाल साहू, श्री मुकेश साहू, श्री विमल कुमार साहू, पूर्व विधायक श्रीमती लक्ष्मी बघेल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, श्री टेसुलाल धुरंधर, श्री धनंजय साहू, श्री दुर्गा महेश्वर, श्री शिवमंगल चौहान सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

