छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

MOHAN BHAGWAT SPEECH : ट्रंप टैरिफ युद्ध पर मोहन भागवत का संदेश – “स्वदेशी और आत्मनिर्भरता ही भविष्य का रास्ता”

Spread the love

नागपुर, विजयादशमी विशेष। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ युद्ध छेड़ने के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। नागपुर स्थित संघ मुख्यालय से विजयादशमी के अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत को विदेशी व्यापारिक साझेदारों पर निर्भर रहना चाहिए, लेकिन यह निर्भरता “मजबूरी” में नहीं बदलनी चाहिए।

 

 

भागवत ने कहा – “अमेरिका ने अपनी टैरिफ नीति अपने हित में अपनाई है। हमें इससे सबक लेना चाहिए कि आत्मनिर्भर बने बिना कोई राष्ट्र लंबे समय तक खड़ा नहीं रह सकता। स्वदेशी और स्वावलंबन का कोई विकल्प नहीं है।”

 

 

उन्होंने पड़ोसी देशों की अस्थिरता पर चिंता जताई और कहा कि भारत को स्थिर और मजबूत बनाने के लिए युवा उद्यमियों को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि भारत में आशा की किरण है क्योंकि युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रनिर्माण की ललक बढ़ रही है।

“व्यक्ति परिवर्तन से ही समाज परिवर्तन”

संघ प्रमुख ने अपने संबोधन में सामाजिक परिवर्तन पर भी बल दिया। उन्होंने कहा – “व्यवस्था बनाने वाला मनुष्य है। जैसे समाज का आचरण होगा, वैसी ही व्यवस्थाएं चलेंगी। संघ का अनुभव है कि व्यक्ति परिवर्तन से समाज परिवर्तन और समाज परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन होता है। जैसा देश आप चाहते हैं, वैसा ही आचरण आपको खुद अपनाना होगा।”

भागवत ने साफ किया कि संघ ने राजनीति में उतरने का कई बार निमंत्रण मिलने के बावजूद उसे अस्वीकार किया। उनका कहना था कि संघ की शाखाएं व्यक्ति की आदतों और आचरण में बदलाव लाकर राष्ट्रभक्ति और व्यक्तित्व निर्माण का काम करती हैं।