Saturday, November 28, 2026
Latest:
छत्तीसगढ़

32 प्रतिशत आरक्षण कटौती, आदिवासी छात्रों की समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर गोंडवाना भवन में जेन-जी की बैठक, मशाल रैली निकालने की बनी रणनीति

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज 
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 32 प्रतिशत आरक्षण कटौती, आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, आदिवासी विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं एवं अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों को लेकर आज रायपुर के टिकरापारा स्थित गोंडवाना भवन में जेन-जी (Gen Z) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवाओं ने भाग लेकर आदिवासी समाज से संबंधित समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की।
बैठक में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज को मिलने वाले आरक्षण से जुड़े विषय, 32 प्रतिशत आरक्षण में कटौती को लेकर युवाओं की चिंताएं, आदिवासी छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक समस्याएं, शिक्षा के क्षेत्र में आ रही बाधाएं, छात्रवृत्ति, प्रवेश प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। युवाओं ने कहा कि आदिवासी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर, आवश्यक सुविधाएं एवं उनके अधिकारों के अनुरूप लाभ मिलना चाहिए। इन समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है।
बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन की शुरुआत मशाल रैली के माध्यम से करने की रणनीति बनाई गई। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मशाल रैली की शुरुआत रानी दुर्गावती एवं मंडावी जी की प्रतिमा, केनाल रोड से की जाएगी। इसके पश्चात रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंचेगी, जहां कार्यक्रम का समापन करने की योजना बनाई गई है।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि यह आंदोलन केवल किसी एक क्षेत्र या जिले तक सीमित न रहे, बल्कि छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो। इसके लिए प्रदेशभर की जेन-जी से एकजुट होकर सामाजिक, शैक्षणिक एवं संवैधानिक मुद्दों पर अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
गिरीश राज ध्रुव ने दी आंदोलन की जानकारी
बैठक के संबंध में गिरीश राज ध्रुव ने जानकारी देते हुए बताया कि 32 प्रतिशत आरक्षण कटौती, आदिवासी छात्रों की समस्याओं एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर युवाओं में चर्चा हुई है। इन विषयों को लेकर संगठित तरीके से आंदोलन शुरू करने की रणनीति तैयार की गई है। आंदोलन की शुरुआत मशाल रैली से करने की योजना है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के जेन-जी युवाओं से इस पहल से जुड़ने और एकजुटता के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान कियाउन्होंने बताया कि प्रस्तावित मशाल रैली की निश्चित तिथि, समय एवं अन्य आवश्यक कार्यक्रम संबंधी जानकारी बहुत जल्द ग्रुप के माध्यम से साझा की जाएगी।
बैठक के माध्यम से युवाओं ने स्पष्ट किया कि आरक्षण, शिक्षा, छात्रहित एवं आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी। अब प्रदेशभर के युवाओं की सहभागिता और आगामी कार्यक्रम की तिथि को लेकर सभी की नजरें आने वाली घोषणा पर टिकी हैं।