Saturday, November 28, 2026
Latest:
ग्रामीण विशेष

आदिवासी अधिकारों को लेकर सर्व आदिवासी समाज का आर-पार की लड़ाई का ऐलान, तीन चरणों में होगा आंदोलन

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज 

यूसीसी, स्थानीय भर्ती और आदिम जाति कल्याण विभाग के नाम परिवर्तन के विरोध में 1, 9 और 15 दिसंबर को होगा प्रदर्शन

कांकेर, 28 नवंबर 2026। आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और विभागीय नाम परिवर्तन सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। शनिवार को सरोना स्थित गोंडवाना भवन में आयोजित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। बैठक में समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शामिल होकर प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की और शासन-प्रशासन तक अपनी मांगें पहुंचाने के लिए व्यापक आंदोलन करने का निर्णय लिया।बैठक की अध्यक्षता सर्व आदिवासी समाज के नरहरपुर ब्लॉक अध्यक्ष नंदलाल मंडावी ने की। बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), आदिम जाति कल्याण एवं विकास विभाग के नाम परिवर्तन का विरोध तथा स्थानीय भर्ती प्रक्रिया में क्षेत्रीय युवाओं को प्राथमिकता देने जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक व्यवस्थाएं हैं। ऐसे में समाज से जुड़े संवैधानिक अधिकारों और विशेष पहचान से संबंधित विषयों पर शासन को समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर निर्णय लेना चाहिए।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसरों में उचित प्राथमिकता मिलनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल सके। वहीं आदिम जाति कल्याण विभाग के नाम परिवर्तन को समाज की पहचान एवं विभागीय परंपरा से जुड़ा विषय बताते हुए इस पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई गई। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
प्रथम चरण : 1 दिसंबर 2026
पहले चरण में विधायक निवास के सामने पारंपरिक नगाड़ा एवं बाजा बजाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रत्येक मुड़ा क्षेत्र से अधिक से अधिक सामाजिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में एक दिन काम बंद रखकर आंदोलन में शामिल होने की सहमति भी बनाई गई। इस दौरान समाज की प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्रथम चरण के आंदोलन के प्रभावी संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें कांकेर एवं नरहरपुर ब्लॉक से तीन-तीन सदस्यों को शामिल किया गया है।
द्वितीय चरण : 9 दिसंबर 2026
दूसरे चरण में सरकार के विरोध में सभी मंत्रियों के पुतले दहन कर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके माध्यम से समाज की लंबित मांगों एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
तृतीय चरण : 15 दिसंबर 2026
तीसरे एवं अंतिम चरण में मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर आदिवासी समाज की प्रमुख मांगों, संवैधानिक अधिकारों, स्थानीय भर्ती में प्राथमिकता तथा विभागीय नाम परिवर्तन सहित विभिन्न विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा दूसरे एवं तीसरे चरण के आंदोलन को लेकर कोयलीबेड़ा, अंतागढ़ एवं कांकेर क्षेत्र से कुल छह सदस्यों की जिला स्तरीय कोर कमेटी का गठन सर्वसम्मति से किया गया है। यह समिति आंदोलन की रणनीति, समन्वय एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्य करेगी।
संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता की अपील
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकार, परंपरा, संस्कृति, सामाजिक पहचान एवं स्थानीय युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। समाज की मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के समक्ष लगातार अपनी बात रखी जाएगी। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह सामाजिक एवं संवैधानिक मांगों को लेकर संचालित किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों, मुड़ा क्षेत्रों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से एकजुट होकर निर्धारित कार्यक्रमों में भागीदारी निभाने की अपील की गई।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार आगामी 1, 9 एवं 15 दिसंबर को अलग-अलग चरणों में आंदोलन आयोजित कर समाज की मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में ये पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में सर्व आदिवासी समाज जिला कांकेर के अध्यक्ष कन्हैया उसेंडी, जिला युवा प्रभाग अध्यक्ष उमेद्र कोरेटी, कण्डरा समाज से चन्द्रहास नेताम, पारधी समाज से भगवान सिंह शोरी, गोंड समाज के ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र नेताम, नरहरपुर ब्लॉक संरक्षक कपूरचंद कुंजाम, हल्बा समाज के अध्यक्ष राजकुमार नाग, नरहरपुर ब्लॉक सचिव चंद्रशेखर उइके, सर्व आदिवासी समाज नरहरपुर ब्लॉक अध्यक्ष नंदलाल मंडावी, उमरादाह मुड़ा क्षेत्र अध्यक्ष मयाराम नरेटी, अमोड़ा मुड़ा क्षेत्र सह सचिव बिहारी सलाम, कमलेश मरकाम, सुखचंद नेताम, कांकेर ब्लॉक अध्यक्ष विनोद शोरी, कार्यकारिणी सदस्य डेनिरो सलाम तथा मीडिया प्रभारी अजय जुर्री सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।