छत्तीसगढ़ में कोरोना का नया हॉटस्पॉट बना बालोद जिला, 72 घंटे में 11 पॉजिटिव मरीज, मुंबई से लौटे हैं सभी संक्रमित
By: Jiwrakhan lal ushare cggrameen nëws
|
Published: 18 May 2020, 12:41 PM IST

दुर्ग संभाग के बालोद जिले में 72 घंटे में कोरोना के 11 मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही बालोद कोरोना का नया हॉटस्पॉट बन गया है। (coronavirus case in chhattisgarh)
बालोद. दुर्ग संभाग के बालोद जिले में 72 घंटे में कोरोना के 11 मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही बालोद कोरोना का नया हॉटस्पॉट बन गया है। रविवार को 9 कोरोना के पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जिसकी पुष्टि कलेक्टर रानू साहू ने कर दी है। रविवार को मिले कोरोना पॉजिटिव मरीजों में दो मरीज कोकान व पंडरदल्ली के हैं, जिसे दोपहर ही एम्स रायपुर भेज दिया गया। देर शाम को 7 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें एक बालोद विकास खंड के ग्राम गोडरी (निपानी) और बाकी 6 मरीज डौंडीलोहारा ब्लॉक के सम्बलपुर व एक रायपुरा का निवासी है।
कलेक्टर ने घोषित किया कंटनेमेंट जोन
बालोद विकासखंड के गोडरी व डौंलोहारा के संबलपुर व रायपुरा गांव को सील कर दिया गया है। देर रात ही कलेक्टर, एसपी सहित जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इन गांव को सील कर कन्टेनमेंट जोन बना दिया है। यहां किसी का आना जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। साथ ही संक्रमित युवकों के परिवार को क्वारंटाइन सेंटर बालोद लाया गया है। ग्राम गोडरी के 36 वर्षीय पॉजिटिव युवक की हिस्ट्री पता नहीं चली है। स्वास्थ्य विभाग पूछताछ कर रहा है।
