जुर्मरायपुर

मुंबई में अपहरण के बाद हत्या कर फरार आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

Spread the love

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज 

रायपुर। मुंबई में अपहरण के बाद युवक की हत्या कर शव के टुकड़े अलग-अलग जगह फेंकने वाले सनसनीखेज मामले के आरोपी को रायपुर जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रेन से पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में था, लेकिन रायपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।

जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के मुंबई स्थित शिवाजी नगर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 376/2026 में आरोपी आवेश मुस्तफा कर्णी अपने साथी औरंगजेब समीरूद्दीन के अपहरण और हत्या का आरोपी है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने शव के कई टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए और घटना के बाद ट्रेन नंबर 12809 मुंबई-हावड़ा मेल एक्सप्रेस से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने रेल पुलिस अधीक्षक रायपुर दिव्यांग पटेल को सूचना दी। इसके बाद उप पुलिस अधीक्षक तोबियस खाखा और जीआरपी थाना प्रभारी तुलेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर रेलवे स्टेशन रायपुर में सघन जांच अभियान चलाया गया।

जीआरपी टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर घेराबंदी कर मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस के जनरल कोचों की तलाशी ली। इसी दौरान ट्रेन के आगे वाले जनरल डिब्बे से फरार आरोपी आवेश मुस्तफा कर्णी को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी को पकड़ने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे मुंबई पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर रेल पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।