छत्तीसगढ़ सरकारशिक्षा

रोटरी एलिगेंस ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज 
रायपुर, 15 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस द्वारा अर्पण दिव्यांग स्कूल में सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर बच्चों के बेहतर भविष्य और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। सेंटर के लिए कंप्यूटर, प्रिंटर एवं यूपीएस उपलब्ध कराया गया, जिससे दिव्यांग बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा एवं तकनीकी प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
बच्चों के स्वास्थ्य एवं दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 2 जोड़ी हियरिंग एड, तौलिये, पानी की बोतलें एवं खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया। बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पेंटिंग गतिविधि आयोजित की गई तथा उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सचिन मेघानी, पार्षद, रायपुर नगर निगम एवं श्री प्रमोद दुबे, पूर्व महापौर, रायपुर नगर निगम रहे। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस के सलाहकार Rtn विनय अग्रवाल, पल्स पोलियो समिति के चेयरमैन Rtn भारत दागा तथा सिटी कोऑर्डिनेटर Rtn धर्म अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अध्यक्ष Rtn प्रियंका गुप्ता ने कहा, “स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी है, जब हर बच्चे को शिक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।”
सचिव Rtn डॉ. स्वाति अग्रवाल ने कहा, “बच्चों को शिक्षा, तकनीक और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके जीवन में आत्मविश्वास और नई उम्मीद जोड़ना ही हमारी सेवा का उद्देश्य है।”
चेयरपर्सन Rtn रितु गुप्ता ने कहा, “विशेष बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाना हमारे लिए गर्व और खुशी का अवसर है। हमारा प्रयास है कि छोटे-छोटे सेवा कार्यों के माध्यम से उनके जीवन को अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनाया जाए।”
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस ने शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और दिव्यांग सशक्तिकरण के संदेश के साथ बच्चों के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह के साथ यह आयोजन सेवा एवं संवेदनशीलता की एक सुंदर मिसाल बना।