MATS विश्वविद्यालय में ‘दीक्षारंभ – ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026’ का सफल आयोजन
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
रायपुर, 19 अगस्त 2026: MATS विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत को सार्थक एवं प्रेरणादायी बनाने के उद्देश्य से ‘दीक्षारंभ – ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विशिष्ट अतिथि, वरिष्ठ पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना, दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रीय गीत तथा राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। भारतीय परंपरा ‘अतिथि देवो भवः’ का अनुसरण करते हुए विशिष्ट अतिथियों का पुस्तकों के माध्यम से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. उमेश गुप्ता विभागाध्यक्ष, वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार में अभिनंदन किया और उन्हें अनुशासन, निरंतर सीखने एवं लक्ष्य-केंद्रित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों (HODs) ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उनके संबंधित शैक्षणिक क्षेत्रों, अवसरों एवं विश्वविद्यालय में उपलब्ध मार्गदर्शन से अवगत कराया। कार्यक्रम में हिंदी, अंग्रेज़ी, सूचना प्रौद्योगिकी, फैशन डिजाइनिंग एवं लाइब्रेरी साइंसेज विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे
इस अवसर पर महानिदेशक श्री प्रियेश पगारिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं माननीय कुलपति प्रोफ़ेसर डॉ. के.पी. यादव ने शिक्षा के साथ अनुशासन, नवाचार, नेतृत्व एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय अवसरों का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।
माननीय कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए परिश्रम, सकारात्मक सोच एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण IAS श्री राहुल देव जी का प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक संबोधन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए नेतृत्व, अनुशासन, परिश्रम, अवसर, चुनौतियों एवं सफलता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए प्रतिभा के साथ निरंतर प्रयास, अनुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक है। उनके संबोधन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार किया। तत्पश्चात माननीय कुलाधिपति एवं महानिदेशक द्वारा IAS श्री राहुल देव जी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
औपचारिक कार्यक्रम के पश्चात वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया, जिसका उपस्थित जनसमूह ने भी भरपूर आनंद लिया। खेलों ने विद्यार्थियों को आपस में घुलने-मिलने एवं नए मित्र बनाने का अवसर दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कुलसचिव श्री गोकुलानंद पंडा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में गणमान्य अतिथियों एवं विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ समूह छायाचित्र लिया गया।
‘दीक्षारंभ – ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026’ नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक यादगार एवं प्रेरणादायी अनुभव रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को MATS विश्वविद्यालय परिवार से जोड़ने के साथ उनके नए शैक्षणिक सफर की उत्साहपूर्ण, सकारात्मक एवं सार्थक शुरुआत सुनिश्चित की।

