मूक नायक” राष्ट्रीय पत्रकार अधिवेशन 2026 में रमेश चंद्र श्याम सम्मानित
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर ने वंचित और उपेक्षित समाज की आवाज को मंच देने के उद्देश्य से वर्ष 1920 में एक पत्रिका “मूक नायक” का प्रकाशन प्रारंभ किया था। सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की चेतना जगाने वाली उसी ऐतिहासिक पत्रकारिता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए बिलासपुर में तृतीय मूक नायक राष्ट्रीय पत्रकार अधिवेशन 2026 का आयोजन विगत रविवार को किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ मूक नायक परिवार, बिलासपुर के तत्वावधान में रेलवे के नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट ऑडिटोरियम बुधवारी बाजार के पास हुआ ; जिसमें देश भर के नामी पत्रकार पहुंचे थे। बौद्धिक सत्र में लोकतंत्र और पत्रकारिता, समाचारों की विश्वसनीयता पर पत्रकारों का सामाजिक दायित्व, साइबर सुरक्षा, जन मुद्दों के प्रति निष्पक्षता और निर्भीकता जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ गोंडवाना गोंड़ महासभा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र श्याम को आदिवासी भूमि बचाने के लिए उनके द्वारा निर्भीकता पूर्वक उठाए गए कानूनी कदमों के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।


