Uncategorized

बिहार में आया राम गया राम की राजनीति जोरो पर , कुर्सी के लिए नेता जी होने लगे इधर से उधर , चुनावी बयार में नेताओं के पलायन से गरमाया राजनैतिक गलियारा , JDU से बाहर किए गए मंत्री श्याम रजक को RJD में मिली पनाह , RJD के कई नेता JDU के दड़बे में

Spread the love

By Jiwrakhan lal Ushare cggrameen nëws

Share

पटना / बिहार में राजनीतिक कोहराम मचा हुआ है | JDU से बाहर किए गए मंत्री श्याम रजक RJD में शामिल हो गए | उन्हें तेजस्वी यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई | इससे पहले श्याम रजक ने बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया | उन्होंने बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी को अपना इस्तीफा सौंपा | इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा, ‘मैं इस्तीफा नैतिकता के नाते दे रहा हूं | मैंने जनता का हमेशा ख्याल रखा है और जनता का प्यार भी हमेशा मिला है | इसके लिए मैं जनता का आभारी हूं |’ श्याम रजक को कल यानि रविवार को ही जेडीयू ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था और नीतीश कुमार ने उन्हें मंत्री पद के भी बर्खास्त कर दिया था | रजक ने बदले सुर में कहा, ‘जेडीयू ने पार्टी संविधान तोड़ा है | पार्टी में 99 फीसदी नेता नीतीश कुमार से नाराज हैं, लेकिन वह कोई फैसला नहीं ले पा रहे हैं. मुझे दूसरों का नहीं पता, लेकिन मैं आरजेडी में शामिल हो रहा हूं |’ 

दूसरी ओर, आरजेडी के तीन विधायक भी पाला बदलने को तैयार हैं | तीनों विधायकों के नाम हैं- गायघाट से विधायक महेश्वर यादव, फराज फातमी और प्रेमा चौधरी | महेश्वर यादव का 2017 से ही राजद से मोहभंग हो चुका था | 2017 में एनडीए की सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार की तारीफ कर रहे थे | वहीं, इस साल 14 जनवरी को फराज फातमी ने वशिष्ठ नारायण सिंह के यहां चूड़ा-दही के भोज में भाग लिया था, जो उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कारण भी बन गया | 

गौरतलब है कि इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव हैं ,और उससे पहले दोनों ही पार्टियों में नेताओं का आना जाना लगा हुआ है | जबकि बिहार में कोरोना के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं | स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई है | अस्पतालों का बुरा हाल है | वहीं उत्तरी बिहार हर साल की तरह इस साल भी बाढ़ में डूबा हुआ है |