Uncategorized

बालोद: महिला नगर पंचायत अध्यक्ष और पति का कमीशन मांगने का ऑडियो वायरल, कंस्ट्रक्शन कंपनी ब्लैक लिस्टेड

Spread the love

|

बालोद: महिला नगर पंचायत अध्यक्ष और पति का कमीशन मांगने का ऑडियो वायरल, कंस्ट्रक्शन कंपनी ब्लैक लिस्टेड

डौंडीलोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उनके पति के कमीशन मांगने का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेश्वरी साहू ने पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद भंसाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बालोद/डौंडीलोहारा. डौंडीलोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उनके पति के कमीशन मांगने का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेश्वरी साहू ने पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद भंसाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने उनके कार्यकाल में हुए तमाम कार्यों के घटिया निर्माण होने के बाद भी तनिष्का कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार को लाखों का भुगतान करने की बात कही है। उन्होंने अधिकारियों की इसकी जांच कर वसूली के निर्देश दिए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेश्वरी साहू और पूर्व अध्यक्ष भंसाली तनिष्का कंस्ट्रक्शन को ब्लैक लिस्ट करने के बाद आमने-सामने आ गए हैं।

गुणवत्ता रिपोर्ट हो गई फेल 
अध्यक्ष की माने तो पूर्व अध्यक्ष के कार्यकाल में सड़क की गुणवत्ता रिपोर्ट फेल हो गई थी। बावजूद पूर्व अध्यक्ष ने अपने रिश्तेदार (तनिष्का कंस्ट्रक्शन) के घटिया निर्माण पर लाखों का भुगतान कर दिया। तनिष्का कंस्ट्रक्शन को पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद भंसाली के कार्यकाल में नगर पंचायत में लगभग एक करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का ठेका मिला था। कई कार्य पूरे हो गए हैं। कुछ कार्य शासन के तय समय के बाद भी पूरे नहीं हुए। सरकारी आदेशों की अनसुनी करने निर्माण कार्य को अधूरा छोडऩे के चलते वर्तमान परिषद ने तनिष्का कंस्ट्रक्शन को ब्लैक लिस्ट किया।

लोगों ने किया घटिया काम का विरोध 
नगर पंचायत अध्यक्ष व जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने ठेकेदार के घटिया कार्यों पर लगातार वार्डवासियों के विरोध को देखते हुए वार्ड-1 में टिकरापारा से अंडी मुख्य मार्ग सड़क का अवलोकन किया। कार्य की गुणवत्ता घटिया पाई गई। इसके बाद ठेकेदार के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेश्वरी साहू, विद्या शर्मा, पार्षद अशोक चनाप, नारायण सिन्हा, झुमुक कोसमा, सोहदरा देवांगन, अनिता साहू आदि मौजूद थे।

कर रहे कार्रवाई की मांग 
नगर पंचायत अध्यक्ष के अनुसार पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद भंसाली के रिश्तेदार के तनिष्का कंस्ट्रक्शन ने नगर में घटिया निर्माण किया। जिसका नगरवासी विरोध कर रहे हैं। कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं। आज निकाय के जिम्मेदार प्रतिनिधियों के साथ सड़क का निरीक्षण किया। सड़क दो से तीन टुकड़ों में फट गई है। बावजूद प्रेमचंद भंसाली ने ठेकेदार को भुगतान कर दिया।

ठेकेदार को किया लाखों का भुगतान 
वार्ड-1 के पार्षद अशोक चनाप ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद भंसाली के कार्यकाल में उनके वार्ड में बनाई गई सड़क काफी खराब हो गई थी। निर्माण के समय घटिया काम होने की बात आई थी। बावजूद ठेकेदार को लाखों का भुगतान आर्थिक अनियमितता का मामला दिखता है।