संभागायुक्त दुर्ग संभाग श्री कावरे द्वारा निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर चार लिपिको की रोकी गई वेतनवृद्धि…

दुर्ग : महादेव कावरे, संभागायुक्त दुर्ग संभाग द्वारा आज दिनांक 23.05.2022 को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा अनुविभाग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री कावरे द्वारा कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी डौण्डीलोहारा, तहसील कार्यालय डौण्डीलोहारा एवं उपतहसील देवरीबंगला के समस्त शाखाओ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त दुर्ग संभाग द्वारा समस्त शाखाओं के कर्मचारियों के टेबल पर नेम प्लेट अवश्य रखे जाने के निर्देश दिए गए। श्री कावरे द्वारा तहसील कार्यालय स्थित लोक सेवा केन्द्र का भी निरीक्षण किया गया एवं समस्त आवेदनो को समय सीमा के भीतर कार्यवाही किए जाने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी डौण्डीलोहारा श्री मनोज कुमार मरकाम को दिए गए।
अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार को थमाया कारण बताओ नोटिस
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त दुर्ग संभाग द्वारा न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी डौण्डीलोहारा में 05 प्रकरण एवं न्यायालय तहसीलदार डौण्डीलोहारा में 04 प्रकरण ऑनलाईन दर्ज नही होने के कारण वाचक श्री भोजराज साहू एवं श्री नागेन्द्र कुमार कंवर की वेतन वृद्धि रोकने की कार्यवाही की गई साथ ही संबंधित अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी, डौण्डीलोहारा एवं तहसीलदार डौण्डीलोहारा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी के न्यायालय में 94 प्रकरण लंबित पाए गए एवं न्यायालय तहसीलदार डौण्डीलोहारा में लंबित 221 प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कार्यालय तहसीलदार डौण्डीलोहारा में कैशबुक, चेक वितरण पंजी अद्यतन नही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी श्री सैयद अली की वेतनवृद्धि रोकी गई एवं तहसीलदार डौण्डीलोहारा द्वारा 03 दिवस के भीतर पूर्ण कर लिए जाने का आश्वासन दिया गया। कार्यालय उपतहसील देवरी बंगला के निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम में नस्तियों के अव्यवस्थित रख-रखाव पर संभागायुक्त दुर्ग संभाग द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई एवं संबंधित लिपिक श्री रमेश मागेन्द्र के वेतन वृद्धि रोके जाने का आदेश जारी किया गया।
आम जनता एवं अधिवक्ताओ से चर्चा: निरीक्षण के दौरान आम जनता से चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत रायपुरा के आवेदक ग्रामीण गजेन्द्र जोशी द्वारा त्रुटि सुधार का आवेदन दिया गया जिस पर संभागायुक्त श्री कावरे ने एक सप्ताह के भीतर त्रुटि सुधार कार्य किए जाने के निर्देश दिए गए।
कार्यालय तहसीलदार डौण्डीलोहारा में अधिवक्ता श्री लोकनाथ निषाद, श्री अनिल जैन, श्री भीष्म चन्द्राकर, श्री विजय यदु, श्री दानीराम झारिया एवं श्री शिवचरण साहू से न्यायालयीन प्रक्रियाओं के संबंध में चर्चा की गई, जिस दौरान सभी सदस्यों द्वारा न्यायालयीन प्रक्रियाओं में संतुष्टता व्यक्त की गई एवं कार्यालय परिसर में वाहन स्टैण्ड एवं बैठक व्यवस्था हेतु स्थल प्रदान करने की मांग की गई जिस पर श्री कावरे ने तत्काल कार्यालय परिसर में स्थल चयन कर अनुविभागीय अधिकारी श्री मरकाम को वाहन पार्किंग बनाने का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। श्री राकेश प्रधान, मुख्य नगर पंचायत अधिकारी, डौण्डीलोहारा को तहसील परिसर में पेयजल व्यवस्था सुधार हेतु निर्देशित किया गया।
पर्याप्त स्टॉक में उपलब्ध हो जेनेरिक मेडिसिन की दवा:-
श्री कावरे द्वारा श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर डौण्डीलोहारा का निरीक्षण किया गया, जिस दौरान उन्होने स्टोर में उपलब्ध दवाओं की जाँच की एवं सभी चिकित्सको को जेनेरिक मेडिसिन दवा लिखने हेतु वहाँ उपस्थित श्री मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी डौण्डीलोहारा को निर्देशित किया।
गौठान में शामिल करे मल्टीएक्टिविटी के कार्य:-
श्री कावरे ने ग्राम पंचायत खपराभाठ, जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के आदर्श गौठान का भ्रमण किया गया। जिसमें आजीविका गतिविधि से सम्बद्ध महिला स्व-सहायता समूह से चर्चा की गई। सर्व प्रथम दोना-पत्तल निर्माण का अवलोकन किया गया, दोना-पत्तल निर्माण में संलग्न स्वरांजली स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष द्वारा जानकारी दी गई कि बनाये गये दोना-पत्तल को ग्राम स्तर पर ही स्थानीय लोगों के द्वारा खरीद लिया जाता है। समूह से आय की जानकारी प्राप्त की एवं उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया। मशरूम उत्पादन करने वाली जय मॉ शीतला स्व-सहायता समूह से मशरूम उत्पादन के सम्बंध में जानकारी ली। महिलाओ ने बताया कि तापमान अधिक होने के कारण मशरूम उत्पादन में कमी आई है। आयुक्त महोदय द्वारा मशरूम उत्पादन में अधिकता लाने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिया गया है।
मछली पालन किये जा रहे तालाब के दौरान आयुक्त महोदय द्वारा पूछा गया कि – मत्स्य निरीक्षक द्वारा समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाता है कि नहीं ? जिस पर समूह की महिलाओं द्वारा बताया गया कि समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाता है जिससे मत्स्य पालन में लाभ होता है। मछली के आकार में वृद्धि के लिए समय-समय पर बियासी करने निर्देशित करने निर्देशित किया तथा तालाब में बत्तख पालन करने से होने वाले लाभ के बारे में सुझाव दिया।
डब्ल्यू.ए.टी. में भरे पानी का सदुपयोग करने के संबंध में निर्देशित करने पर समूह के सदस्यों द्वारा बताया गया कि डब्ल्यू.ए.टी. में भरे पानी का उपयोग वृक्षारोपण में डालने के लिए किया गया है, जिसे सुनकर आयुक्त महोदय द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई।
मुर्गी पालन शेड का निरीक्षण के दौरान स्थानीय विक्रेताओं से सम्पर्क कर बिक्री कराने एवं बाजार मुहैय्या कराने हेतु निर्देश दिया। तापमान की अधिकता को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर मुर्गियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं तकनीकी मार्गदर्शन के लिए पशुपालन विभाग से समन्वय स्थापित करने निर्देशित किया गया।
