एएनएम पूनम निषाद- कोरोना वारियर पूनम कर रही है कलेक्ट्रेट परिसर की कोविड-19 के संक्रमण से सुरक्षा.

कभी कभी पूरे दिन ही बिना खाना और पानी पिये ही गुज़र जाता है
प्रतिदिन कर रही है लगभग 400 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग
बलोदाबाज़ार 13 मई 2020 । जल्दी से बूढ़े मां बाप के लिए खाना बनाया, छोटे भाई बहनों को समझाया एप्रिन पहना और निकल पड़ी कलेक्ट्रेट परिसर की कोविड-19 के संक्रमण से सुरक्षा करने ।
पूनम निषाद कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिये बलोदा बाजार के कलेक्ट्रेट परिसर की जिम्मेदारी निभा रही हैं ।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन आने वाले लगभग 400 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करना, उनको सैनिटाइज कराना और परिसर में उनके द्वारा शारीरिक दूरी को बनाने के बारे में बताया जा रहा है । साथ ही परिसर में आने वाले लोगों को कोविड-19 के संक्रमण से बचने और इसकी पहचान की जानकारी भी दी जा रही है।
यह एक ऐसा समय है जब हम पूरी तरह से हाथों में गलव्स पहनना, फेस मास्क लगाना,शारीरिक दूरी को नियमित रूप से बनाए रखना ज़रूरी हैं और मानसिक रूप से अपने आपको तैयार रखने में खाना पानी भी याद नहीं रहता है ।कभी कभी पूरे दिन ही बिना खाना और पानी पिये ही गुज़र जाता है,’’ पूनम बताती है। थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान ताप या सर्दी खांसी के सक्रमित व्यक्ति को तुरंत चिकित्सीय परामर्श के लिये ज़िला अस्पताल भेजा जाता है । कोविड-19 के संक्रमण को लेकर लोगों में अभी उतनी जागरूकता नहीं आई है जितनी होनी चाहिए थी । परिसर में देखने को मिलता है कि लोग शारीरिक दूरी को भूलने लगते हैं। तब उनके बीच जाकर उन्हें फिर से बताना होता है। आने वाले लोगों को भी ध्यान रखना चाहिए कि उन्हें दूसरे की सुरक्षा के बजाय अपनी सुरक्षा पहले करनी है,’’ पूनम कहती है ।
कोविड-19 के संबंध में जागरूकता बनाने के लिए प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग द्वारा लगातार अलर्ट रहकर प्रयास किए जा रहे है।स्वास्थ्य विभाग कोविड-19 के लक्षणों एवं बचाव के बारे में आमजन को सचेत करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी कर रही है ।
पूनम विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) के कार्यालय बलोदा बाजार की चिरायु टीम बी में एएनएम का कार्य करती हैं । कोविड-19 के संक्रमण के खतरे से पूर्व चिरायु टीम के सदस्य के रूप में किशोरियों के स्वास्थ्य का दायित्व मिला हुआ था । साथ ही राज्य में चल रहे सुपोषण अभियान के तहत हीमोग्लोबिन टेस्ट करवाने का कार्य में कर रहे थे । इस कार्य में 15 वर्ष से ऊपर 12वीं क्लास तक की छात्राओं का वजन और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाई जा रही थी ।
पूनम निषाद बताती है कोविड-19 के संक्रमण के बाद जिले में क्वॉरेंटाइन किए गए लोगों के आसपास के 50-50 घर का सर्वे उनकी चार सदस्य टीम द्वारा किया गया जिसमें लगभग 1200 से अधिक जनसंख्या का सर्वे कार्य किया ।
सीएमएचओ बलोदा बाज़ार डॉ.खेमलाल सोनवानी ने बताया कोरोना वायरस के लक्षण साधारण सर्दी, जुकाम के लक्षणों से मिलते जुलते हैं। इसमें नाक बहना, खांसी, गले में खराश होना , सिर में दर्द, सांस लेने में तकलीफ और बुखार जैसे लक्षण होने लगते हैं। ऐसे में नज़दीक के शासकीय चिकित्सालय के चिकित्सक की सलाह लेना चाहिए या टोल फ्री हैल्पलाइन नंबर 104, 108, पर सम्पर्क कर सकते हैं। साथ ही खांसते, छींकते समय टिश्यू व रुमाल का उपयोग करें।
