22 जून को सामूहिक अवकाश बिजली आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ के द्वारा
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ ने विद्युत कंपनी प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के मौलिक, संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों की निरंतर उपेक्षा किए जाने तथा कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण में उदासीनता एवं प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ आंदोलन की घोषणा किया है।
संघ के महासचिव विजय ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों के निराकरण हेतु संघ द्वारा चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है। इसी क्रम में 22 जून 2026 को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। संघ का कहना है कि आंदोलन की पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद विगत दिवस विद्युत कंपनी प्रबंधन ने सहायक श्रम आयुक्त की मध्यस्थता के बाद द्विपक्षीय चर्चा एवं सकारात्मक पहल करने के बजाय कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज करते हुए एकपक्षीय एवं दंडात्मक निर्देश परिपत्र जारी किया है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।
संघ ने आरोप लगाया कि प्रबंधन का यह रवैया औद्योगिक शांति एवं सौहार्द, संवाद की भावना के विपरीत है। कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर विचार करने के बजाय दबावपूर्ण कार्यवाही करना लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप नहीं माना जा सकता।
संघ ने प्रदेशभर के समस्त आरक्षित वर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की है कि वे 22 जून 2026 के एक दिवसीय सामूहिक अवकाश आंदोलन में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करेंगे तथा स्वाभिमान व संवैधानिक अधिकार की लड़ाई एवं प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे। संघ का विश्वास है कि कर्मचारियों की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से आंदोलन के मूल उद्देश्य को मजबूती मिलेगी तथा प्रबंधन को कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि संघ के प्रमुख मांगो में राज्य सरकार की तरह पदोन्नति प्रक्रिया को संचालित करना है जबकि राज्य सरकार का उपक्रम व मुख्यमंत्री के अधीन विभाग होने के बावजूद राज्य सरकार व सामान्य प्रशासन विभाग के नियमों व प्रक्रिया का पालन नही किया जा रहा है।
संघ ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन कर्मचारियों के अधिकारों, सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा लंबित समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संचालित किया जा रहा है।
प्रांतीय महासचिव
रायपुर, छत्तीसगढ़।

