सर्व आदिवासी समाज की अहम बैठक संपन्न,निर्दोष आदिवासियों पर अश्रु गैस घटना की न्यायिक जांच की मांग
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
धमतरी। सर्व आदिवासी समाज जिला धमतरी की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को गोंडवाना भवन में जिलाध्यक्ष जीवराखन मरई की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में गोंड समाज, कंवर समाज, हल्बा समाज, नगारची समाज, पारधी समाज सहित विभिन्न आदिवासी समाजों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में आगामी विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन, जिले के 60 आदिवासी बाहुल्य गांवों में मूलभूत सुविधाओं, 154 आदिवासी परिवारों की भूमि को कथित रूप से गैर-संवैधानिक तरीके से खरीद-फरोख्त की अनुमति दिए जाने, संगठनात्मक समीक्षा, संवैधानिक अधिकारों, जनगणना में अलग आदिवासी धर्म कोड, तथा सीधी भर्ती, पदोन्नति एवं प्रवेश परीक्षाओं में आरक्षण संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रोटेशन व्यवस्था के तहत 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस का जिला स्तरीय आयोजन नगरी में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शीघ्र ही नगरी में एक अलग बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में हाल ही में अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से कलेक्ट्रेट की ओर जा रहे 60 आदिवासी बाहुल्य गांवों के ग्रामीणों पर बनरौद में अश्रु गैस छोड़े जाने की घटना पर नाराजगी व्यक्त की गई। समाज ने घटना की निंदा करते हुए इसकी न्यायिक जांच की मांग करने तथा 9 जुलाई को कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। इसके अलावा समाज ने आरोप लगाया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद शासकीय सेवाओं में आदिवासी वर्ग के लिए पदोन्नति, सीधी भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में आरक्षण रोस्टर का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में भी शासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में भूमाफियों व्दारा 154 आदिवासी परिवारों की भूमि की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज ने इस विषय में कानूनी लड़ाई लड़ने का प्रस्ताव पारित किया। वहीं वर्ष 2027 की जनगणना में अलग आदिवासी धर्म कोड का कॉलम शामिल किए जाने की मांग को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने तथा प्रत्येक आदिवासी परिवार से अपने धर्म के रूप में आदिवासी दर्ज कराने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर महेश रावटे,माधव सिंह ठाकुर,उदय नेताम,डाॅ.ए.आर ठाकुर,कमलनारायण ध्रुव,जयपाल ठाकुर,उमेश देव,देवनाथ नेताम,होमन सिंह कतलम,सोमनाथ मरई,ठाकुर राम नेताम,पोखन कंवर,कांशीराम कंवर,रामप्रसाद कंवर,गेवाराम नेताम,रामेश्वर मरकाम,ढालू राम ध्रुव,कांशीराम छेदैया,कृष्णा नेताम,जगन्नाथ मंडावी,चन्द्रकला नेताम,ईश्वरी नेताम,नंदा नेताम,गीता नेताम,चन्द्रकिरण नेताम,माधुरी रावटे,चमेली नेताम,भूमिका कोर्राम,रमी गौतम,संतोष कुमार नगारची,प्रदुमन नगारची,रामनारायण नगारची,साधु राम कंवर,नरोत्तम पडोटी,होलाराम मंडावी,भूतनाथ पारधी,शीशराम कंवर,जोहत राम ध्रुव,पुनाराम नागवंशी,फलीन्द्र ध्रुव,नीलू छेदैया,देवराज नेताम,नैकू परते,गौतम मरकाम,दयाराम मरकाम,विष्णु नेताम,कुलेश्वर ध्रुव,एवल नेताम,मानसिंह कपूर,असंत राम कंवर,दलगंजन मरकाम,संतोष गंगेश,टोकेश्वर नेताम,झलक कलताम,कमलेश नगारची,लोकेश मंडावी,घनश्याम ध्रुव,दयाराम ध्रुव,गौतम सिंह मरकाम सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

