हुंडई पैरा वर्ल्ड आर्चरी सीरीज में छत्तीसगढ़ के टोमन कुमार ने जीता स्वर्ण पदक
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित हुंडई पैरा वर्ल्ड आर्चरी सीरीज अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली पैरा तीरंदाज टोमन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ाया है।

भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि टोमन कुमार का यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ की तीरंदाजी के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।
मुरारका ने कहा कि टोमन कुमार ने पूर्व में भी विभिन्न विश्व स्तरीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में अनेक पदक प्राप्त कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। किंतु भारत में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना निश्चित रूप से उनके करियर की एक विशेष उपलब्धि है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी प्रतियोगिता में भी टोमन कुमार शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ और भारत के लिए एक और पदक जीतेंगे।
यह अत्यंत गौरव का विषय है कि विश्व पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार भारत के गुजरात राज्य में किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन ने भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाई है।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, भारतीय तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका भी आयोजन के दौरान निरंतर उपस्थित रहकर प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते रहे।
कैलाश मुरारका ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, तीरंदाजों, प्रशिक्षकों एवं मैनेजरों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं खेल जगत से जुड़े सभी सहयोगियों को इस उपलब्धि के लिए धन्यवाद दिया।
मुरारका ने कहा कि यह आयोजन विश्व स्तरीय मानकों के अनुरूप अत्यंत शानदार और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो रहा है। वर्ल्ड आर्चरी एवं एशियन आर्चरी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता स्थल, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की हैं और गुजरात सरकार द्वारा खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुरारका ने कहा कि देश के माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के मार्गदर्शन और विशेष सहयोग से गुजरात में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं खेल अधोसंरचना के विकास को नई गति मिल रही है। उद्घाटन अवसर पर भी यह स्पष्ट संदेश दिया गया था कि आयोजन की गुणवत्ता और खिलाड़ियों की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि गुजरात में जिस स्तर पर अंतरराष्ट्रीय खेल अधोसंरचना, खेल अकादमियों एवं भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयारियां की जा रही हैं, वह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। आने वाले समय में कॉमनवेल्थ गेम्स एवं ओलंपिक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की तैयारियों के दृष्टिकोण से भी यह महत्वपूर्ण कदम है।
कैलाश मुरारका ने कहा कि उन्हें गुजरात में विकसित हो रही अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं एवं अकादमियों को देखने का अवसर मिला है और वहां की व्यवस्थाएं वास्तव में अद्भुत एवं विश्व स्तरीय हैं।
उन्होंने माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी, गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री सहित गुजरात सरकार और आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
अंत में कैलाश मुरारका ने कहा कि टोमन कुमार की स्वर्णिम सफलता न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे भारत के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
टोमन कुमार को इस ऐतिहासिक स्वर्णिम उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
कैलाश मुरारका
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भारतीय तीरंदाजी संघ

