छत्तीसगढ़ सरकार

सरगुजा संभाग के 06 जिलों के 25 प्रकरणों की जनसुनवाई, 06 प्रकरण नस्तीबद्ध*

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज 

अंबिकापुर, 29 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में तथा संभाग प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी शुक्ला की उपस्थिति में मंगलवार को सरगुजा संभाग स्तर की पहली एवं प्रदेश स्तर की 09वीं जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से संबंधित कुल 25 प्रकरणों की सुनवाई की गई, जिनमें से 06 प्रकरणों को नस्तीबद्ध किया गया।

जनसुनवाई का उद्देश्य महिलाओं से संबंधित प्रकरणों में त्वरित सुनवाई कर उन्हें राहत एवं न्याय दिलाना रहा। सुनवाई के दौरान मानसिक प्रताड़ना से संबंधित एक प्रकरण में कलेक्टर को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं कार्यस्थल पर प्रताड़ना से जुड़े एक प्रकरण में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार घरेलू हिंसा एवं मानसिक प्रताड़ना से संबंधित अन्य प्रकरणों में संबंधित संरक्षण अधिकारियों को जांच कर आयोग के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। आयोग ने प्रकरणों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी जे.आर. प्रधान, नोडल अधिकारी एवं उप निरीक्षक श्री विजय गुप्ता, विधिक सहायता टीम तथा संरक्षण अधिकारी श्रीमती सुलेखा कश्यप (सरगुजा), श्रीमती शिखा वर्मा (जशपुर), श्रीमती वित्तबाला सिन्हा (कोरिया), श्रीमती इन्द्रकुवारी तिवारी (सूरजपुर), श्रीमती सुमित्रा सिंह (बलरामपुर) सहित सभी जिलों की सखी वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासिकाएं उपस्थित रहीं।