राजनीति

बीरगांव नगर पालिका चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने चुनाव कमेटी गठित की, कल होगा जनसंवाद कार्यक्रम*

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज 

*परमानंद जांगड़े को मिली समिति के नेतृत्व की जिम्मेदारी, राजीव गांधी वार्ड क्रमांक-05 की जनता ने ध्रुव चंद्रवंशी को चुना अपना प्रत्याशी*

रायपुर /बिरगांव, 23 नवम्बर 2026।आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने आगामी बीरगांव नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत जी की मंशा के अनुरूप चुनाव कमेटी का गठन किया है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने एवं चुनाव की व्यवस्थित तैयारी के उद्देश्य से 18 नवंबर 2026 को जारी संगठनात्मक आदेश के अनुसार सात सदस्यीय प्रत्याशी चयन एवं मूल्यांकन समिति गठित की गई है।

लोकसभा प्रभारी अजीम खान की सहमति से गठित इस समिति का प्रमुख एवं नेतृत्वकर्ता पूर्व जिला पंचायत सदस्य रायपुर परमानंद जांगड़े को बनाया गया है। समिति के अन्य सदस्यों में इमरान खान, नंदन सिंह,डॉ. विजय देवांगन,कलावती मार्को,एडवोकेट श्री आर.एस. ठाकुर, श्याम शर्मा आदि शामिल हैं।

समिति प्रमुख श्री परमानंद जांगड़े के नेतृत्व में सभी सदस्य बीरगांव नगर पालिका के समस्त वार्डों का दौरा करेंगे तथा संभावित प्रत्याशियों की पहचान एवं मूल्यांकन कर रहें हैं । इस दौरान स्थानीय जनसमर्थन, सामाजिक स्वीकार्यता, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता, जनसेवा का अनुभव, स्वच्छ छवि एवं वार्ड स्तर पर सक्रियता को आधार बनाया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों से राय लेकर प्रत्याशियों के नामों की अनुशंसा जिला एवं प्रदेश नेतृत्व को प्रस्तुत की जाएगी।

वहीं आम आदमी पार्टी द्वारा बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर वार्डों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय नागरिकों की राय और सहमति से प्रत्याशी चयन की पहल की जा रही है। इसी क्रम में 22 नवम्बर को राजीव गांधी वार्ड क्रमांक-05 में जनसंवाद चौपाल आयोजित की गई, जिसमें वार्डवासियों ने खुलकर अपनी बात रखी और ध्रुव चंद्रवंशी को अपना प्रत्याशी चुना।

कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सूरज उपाध्याय, लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान, चुनाव समिति प्रमुख परमानंद जांगड़े तथा चुनाव समिति के पदाधिकारी श्याम शर्मा, विजय देवांगन एवं नंदन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसी कड़ी में 24 नवम्बर 2026 को बिरगांव के इतवारी बाजार में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस की सरकारों के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनता को अपेक्षित राहत नहीं मिली है। स्थानीय स्तर पर भी नागरिक बिजली, पेयजल, नाली एवं साफ-सफाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

मिहिर कुर्मी
प्रदेश मीडिया प्रभारी
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़
8461830001