केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ने नंदिनी माइन्स का किया अवलोकन
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्युज
पुर्नजीवित ब्लैक स्टोन क्वारी से लाइम स्टोन से भरे डम्पर को हरी झंडी दिखाकर की औपचारिक शुरूआत
दुर्ग 21 अक्टूबर । केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने 20 अक्टूबर को से भिलाई इस्पात संयंत्र के नंदिनी माइन्स का दौरा किया। इस दौरान मंत्री श्री कुलस्ते को नंदिनी माइन्स में बीएसपी द्वारा किये जा रहे विभिन्न पहल तथा विकास कार्यों से अवगत कराया गया।
संयंत्र के निदेशक प्रभारी, अनिर्बान दासगुप्ता ने मंत्री श्री कुलस्ते का स्वागत व आगवानी की। इस दौरान संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (माइन्स एवं रावघाट), मानस बिस्वास, कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डाॅ एस के इस्सर, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) राकेश, कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) एस के दुबे तथा मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (वित्त एवं लेखा) डाॅ ए के पंडा भी उपस्थित रहे।
श्री कुलस्ते ने नंदिनी माइन्स का समग्र अवलोकन करते हुए माइन्स को चालू रखने और उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। नंदिनी माइन्स के इस दौरे में मंत्री श्री कुलस्ते ने बीएसपी की पहल से पुर्नजीवित ब्लैक स्टोन क्वारी से लाइम स्टोन परिवहन का औपचारिक शुरूआत करते हुए लाइम स्टोन से भरे डम्पर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विदित हो कि नंदिनी माइन्स का ब्लैक स्टोन क्वारी पिछले 20 वर्षों से पानी में डूबा हुआ था। इस क्वारी को पुनर्जीवित करने हेतु बीएसपी प्रबंधन द्वारा अभिनव पहल प्रारम्भ किया गया। इस क्वारी के बीचों-बीच वेस्ट मटेरियल से सेतु का निर्माण किया गया जिसे लक्ष्मण सेतु का नाम दिया गया। इस प्रकार लक्ष्मण सेतु से इस क्वारी को “ए” और “बी” भागों में बांटा गया। बी भाग में भरे हुए पानी को आस-पास के गांवों के तालाबों में भरा गया और इस बी भाग को पूर्णतः खाली किया गया। इस प्रकार क्वारी का यह भाग माइनिंग के लिए तैयार हो पाया। इस भाग में उच्च कोटि का लो-सिलिका ग्रेड लाइम स्टोन प्राप्त होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। नंदिनी के इस क्वारी से प्राप्त लाइम स्टोन मध्यप्रदेश स्थित कुटेश्वर माइन्स से प्राप्त लाइम स्टोन जैसा ही उच्च दर्जे का अयस्क है। इस क्वारी से बीएसपी के उच्च दर्जे की लाइम स्टोन की जरूरत को पुरा करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर संयंत्र के उच्च प्रबंधन के साथ-साथ नंदिनी माइन्स के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।

