कहलूर हिमकल्प फाउंडेशन, जिला बिलासपुर द्वारा नशा विरोधी जागरूकता अभियान
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
जिला बिलासपुर की सामाजिक संस्था कहलूर हिमकल्प फाउंडेशन द्वारा नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के सदस्य जिले के विभिन्न स्कूलों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभाव, बचाव एवं सावधानियों के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
संस्था के अध्यक्ष श्री अनिल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि फाउंडेशन द्वारा “एक प्रहार नशे के खिलाफ” नाम से ऑडियो एवं वीडियो श्रृंखला प्रारंभ की गई है। इस पहल का उद्देश्य दूर-दराज़ के गांवों में रहने वाले लोगों तक नशा विरोधी संदेश पहुँचाना और समाज में नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करना है।

उन्होंने बताया कि अब तक संस्था द्वारा पाँच विद्यालयों में “एक प्रहार नशे के खिलाफ – भाग 1” कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय समुदाय का उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हुआ है।
श्री ठाकुर ने बताया कि लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है, जो इस अभियान को और अधिक प्रभावी बना रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नशे के खिलाफ मजबूत और प्रभावी प्रहार किया जा सकता है।
संस्था भविष्य में भी इस अभियान को और व्यापक स्तर पर जारी रखेगी।

