छत्तीसगढ़

गोंडवाना गोंड महासभा ने ओडिशा के कैबिनेट मंत्री रवि नारायण नायक की पूजनीय माता जी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज 

गोंडवाना गोंड महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और समाज के वरिष्ठ नेताओं ने ओडिशा सरकार के कैबिनेट मंत्री व महासभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री रवि नारायण नायक के पैतृक गांव कुचिंदा पहुंचकर उनकी पूजनीय माता जी स्वर्गीय श्रीमती शुभ नायक को भावभीनी शोक श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रीय महासभा के शीर्ष पदाधिकारियों ने मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त नायक परिवार से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया।माता जी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए समाज के वरिष्ठ नेताओं ने इसे नायक परिवार सहित पूरे गोंड समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सामाजिक बंधुओं ने स्वर्गीय श्रीमती शुभ नायक के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।इस गरिमामय शोक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक व मंडला (मप्र) सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, रायगढ़ के राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह और महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक श्री शिशुपाल शोरी उपस्थित रहे। इनके साथ ही संगठन मंत्री व झारखंड के पूर्व विधायक श्री गुरुचरण नायक, राष्ट्रीय सचिव श्री आर. एन. ध्रुव, बिलासपुर संभागीय संयोजक श्री आर. सी. ध्रुव तथा ओडिशा के प्रदेश महासचिव श्री प्यारी मोहन नायक ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

शोक सभा में समाज के अन्य प्रमुख पदाधिकारी श्री राहुल ध्रुव, श्री चूड़ामणि धुरवा, श्री आलोक कुमार सहित उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखंड से आए हजारों की संख्या में सामाजिक गण और स्थानीय नागरिक मौजूद थे। सभी ने मौन रखकर दिवंगत आत्मा की चिरशांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।