बस्तर CMHO डॉ. संजय बसाक को सेवा से बर्खास्त कर FIR दर्ज करने की मांग
जिवराखन लाल उसारे छत्तीसगढ़ ग्रामीण न्यूज
*छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने स्वास्थ्य सचिव को सौंपा ज्ञापन*
रायपुर, 23 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने बस्तर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के विरुद्ध गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल सेवा से बर्खास्त करने तथा उनके विरुद्ध पुलिस में FIR दर्ज कराने की मांग की है। इस संबंध में संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
संघ द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, डॉ. बसाक के बस्तर CMHO रहते हुए कलेक्टर की अनुमति के बिना 348 लाख रुपये की राशि सिविल सर्जन को हस्तांतरित कर कोटेशन के माध्यम से खर्च किए जाने के मामले में शासन स्तर पर गठित जांच दल द्वारा उन्हें दोषी पाया गया है। संघ का कहना है कि जांच में दोष पाए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई लंबित है।
डॉ. बसाक द्वारा स्थानांतरण नीति 2025 का उल्लंघन करते हुए जिले के भीतर 48 कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया। आवेदन के मुताबिक, इस स्थानांतरण को निरस्त करने का प्रस्ताव आयुक्त सह संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा शासन को भेजा गया है।
संघ ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में भी डॉ. बसाक के CMHO पद पर रहते हुए विभिन्न शासकीय कार्यों, खरीदी एवं अन्य व्यवस्थाओं में अनियमितताएं किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ज्ञापन में जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों की ड्यूटी लगाने सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी उनके स्तर से हस्तक्षेप किए जाने का आरोप लगाया गया है।
संघ ने सचिव स्वास्थ्य से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराते हुए जांच में दोषी पाए जाने पर डॉ. संजय बसाक को सेवा से बर्खास्त किया जाए तथा संबंधित मामलों में पुलिस FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
सतीश पसेरिया
प्रदेश महामंत्री
छग स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ

