Monday, June 8, 2026
Latest:
ग्रामीण विशेषछत्तीसगढ़ सरकार

शेरा इंटरप्राइजेज ने श्रमिकों द्वारा जारी हड़ताल को करार दिया असंवैधानिक

Spread the love

अंबिकापुर । परसा कोल ब्लॉक में खनन कार्य कर रही कंपनी शेरा इंटरप्राइजेज ने श्रमिकों के एक ग्रुप द्वारा की जा रही हड़ताल को असंवैधानिक व कंपनी के ऊपर गैर वाजिब दबाव बनाना करार दिया है। कंपनी का कहना है कि कंपनी में कार्यरत सभी कर्मचारियों को वेतन का भुगतान 8 जून को ही किया जा चुका है तथा बोनस का भुगतान कर्मचारियों के अनुरोध पर 20 तारीख को किया जाना निर्धारित हुआ है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रूप से इस तरह आकस्मिक हड़ताल पर चले जाना बेहद आश्चर्यजनक व अफसोस की बात है।

कंपनी ने बताया कि बोनस का भुगतान वैसे तो हमेशा सितंबर-अक्टूबर में किया जाता है लेकिन कोरोना संकट के मुश्किल दौर को देखते हुए श्रमिकों के अनुरोध पर यह भुगतान 20 जून को किया जाना निर्धारित हुआ था।
कंपनी के एक सूत्र की मानें तो इस पूरे विवाद की आड़ में मालिकाना परिवार में हुए पिताजी के अवसाद के बाद उत्पन्न हुई निजी परिस्थितियों का फायदा भी उठाया जा रहा है। कुछ बाहरी तत्वों द्वारा कंपनी के अंदरूनी मामले में दखलंदाजी के बाद मामले ने और अधिक तूल पकड़ लिया है।

कंपनी के एक अधिकारी ने अपने बयान में कहा कि शेरा इंटरप्राइजेज विगत कई वर्षों से माइनिंग के क्षेत्र में संपूर्ण भारत वर्ष में सफलतापूर्वक कार्य कर रही है। लेकिन कभी भी कहीं भी इस तरह की परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ा। कोरोना संकट काल में जब बड़े-बड़े संस्थान अपने यहां के कर्मचारियों व मजदूरों की छटनी कर रहे हैं, ऐसे समय हमारे संस्थान द्वारा सभी कार्यरत साथियों को पूर्ण संरक्षण प्रदान किया जाना इस बात का प्रमाण है कि हम सबकी सुरक्षा सुनिश्चित कर के चलते हैं।

शेरा इंटरप्राइजेज ने कहा कि शीघ्र ही वे 300 नए रोजगार के पद अपने संस्थान में छत्तीसगढ़ वासियों के लिए सृजित करने जा रहे हैं। शायद इसी बात का मलाल कंपनी में कार्यरत एक ख़ास ग्रुप को हो सकता है, जिन्हे कंपनी के तथा कुछ बाहरी लोगों द्वारा भड़काया गया है।

कंपनी ने हड़तालरत साथियों से अपील की है कि वे तत्काल अपने कार्य पर लौट आए। कंपनी ने उन्हें सदैव अपने परिवार के सदस्यों की भांति ही देखा है और भविष्य में भी देखेगी।